बदमाशों ने खुले आम की गुंडागर्दी, देर रात कार रूकवाकर की मारपीट
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही है पडताल
उदयपुर। बर्थ-डे पार्टी से घर लौट रहे कार सवार तीन युवकों के साथ बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की। बदमाशों ने डंडों के वार से युवकों को सड़क पर गिरा दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बदमाश बीच सड़क युवकों को डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहा है हमले में तीनों युवक घायल हो गए। जिन्हें पास के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना सवीना थाना इलाके में 6 मई की अल सुबह 4.30 बजे नेशनल हाईवे-48 पर गीतांजलि हॉस्पिटल के पास की है। सवीना थाना अधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि न्यू विद्यानगर निवासी प्रियंका राजावत ने 6 मई को सुबह थाने में रिपोर्ट दी थी। उसने रिपोर्ट में बताया कि 5 मई को उनके पिता का बर्थ-डे था। वे अपने भाई निखिलराज सिंह और उनके दोस्त शुभम व अभिषेक के साथ एकलिंगपुरा स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। 6 मई को अल सुबह 4:30 बजे सभी घर आ रहे थे। तभी रास्ते में उन्होंने एक कार को ओवरटेक किया। उसके बाद हुंडई मोटर्स के यहां कार ओवरटेक कर हमारी कार के आगे रुक गई, जिसके बाद भाई ने गाड़ी रोकी तो उनकी कार से दो युवक और दो युवतियां बाहर आईं। चारों ने भाई से बहस की, फिर उन्होंने बेस बॉल के डंडों से मारपीट शुरू कर दी। भाई निखिल वहीं बेहोश हो गया और उनके दोस्तों को भी चोटें आई।
रास्ते में एक-दूसरे पर कमेंट करते आ रहे थे
सवीना थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि कार सवार युवक निखिल राज सिंह राजावत अपने पिता के बर्थ-डे पर दोस्तों को पार्टी देकर वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में किसी अन्य कार सवार से ओवरटेक को लेकर इनकी बहस हो गई। इसके बाद बदमाशों ने युवकों की कार के आगे खुद की कार लगाकर उन्हें रोक लिया। बाद में तीनों को नीचे उतारकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में घायल निखिल राज के सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं, शुभम के पैर की हड्डी टूटी है। अभिषेक के हाथ-पैर में हल्की चोट आई है।
प्रतानगर—बलीचा मार्ग पर तीन युवकों की बेरहमी से पिटाई
