उदयपुर। हिरण मगरी उपनगरीय परिक्षेत्रीय सकल जैन समाज के संगठन महावीर जैन जागृति परिषद के तत्वावधान में सोमवार को हिरण मगरी सेक्टर-3 स्थित श्री नेमीनाथ जैन मंदिर में भव्य अभिनंदन एवं तपस्वीजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एक ओर नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी सहित जैन समाज के जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन किया गया, वहीं दूसरी ओर चातुर्मास के दौरान कठिन तप-साधना करने वाले 149 तपस्वियों का सम्मान कर उनकी साधना की अनुमोदना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण महिला प्रकोष्ठ द्वारा मंगलाचरण की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद परिषद अध्यक्ष डॉ. हिम्मतलाल वया एवं महिला मंडल अध्यक्षा वंदना बाबेल ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों का आत्मीय स्वागत किया।
समारोह के मुख्य अतिथि रमेश राठोड़िया, अमित जैन लोलावत एवं अशोक चौहान रहे। कोर कमेटी सदस्य राजेंद्र अखावत ने परिषद के उद्देश्यों, सामाजिक गतिविधियों एवं लोककल्याणकारी कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
76 उपवास की कठिन साधना करने वाले अजय दक का विशेष सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण तपस्वी सम्मान रहा। 76 उपवास की कठिन तपस्या करने वाले अजय दक एवं मासक्षमण अर्थात 30 उपवास की साधना करने वाले सोनू जैन का विशेष बहुमान किया गया। इनके साथ ही 8 उपवास से लेकर उससे अधिक की तपस्या करने वाले क्षेत्र के 149 तपस्वियों को उपरणा, शॉल, सम्मान-पत्र एवं विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। तपस्वियों के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
76 उपवास के तपस्वी अजय दक व 149 तपस्वियों का सम्मान, महापौर पारस सिंघवी का अभिनंदन
