उदयपुर: विचारों पर नियंत्रण और क्रोध पर विजय से सफल बनेगा जीवन: संगीता पोरवाल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। अणुव्रत समिति उदयपुर की ओर से आयोजित अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का सातवें एवं अंतिम दिन आदिनाथ पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जीवन विज्ञान दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तनावमुक्त, अनुशासित एवं सफल जीवन जीने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए गए।
मुख्य वक्ता श्रीमती संगीता पोरवाल ने कहा कि जीवन को सफल बनाने के लिए विचारों पर नियंत्रण और क्रोध पर विजय आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाने के साथ मन को शांत रखने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि जीवन विज्ञान के प्रयोग कायोत्सर्ग एवं दीर्घ श्वास प्रेक्षा के नियमित अभ्यास से मन को शांत, स्थिर एवं एकाग्र बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रितु भटनागर ने की। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक श्री चंदू कंठालिया एवं श्री हरि सिंह कंठालिया उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत अणुव्रत समिति अध्यक्ष श्रीमती प्रणिता तलेसरा ने किया।
समिति उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सेन एवं कार्यक्रम प्रभारी श्री प्रद्युम्न सिंह जैन ने भी जीवन विज्ञान के महत्व पर विचार व्यक्त किए। अतिथियों का आभार श्री राजेन्द्र सेन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!