विश्व थैलेसीमिया दिवस पर महावीर इंटरनेशनल ने आयोजित की जागरूकता कार्यशाला

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– राजस्थान महिला विद्यालय के गैलेडा उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन
उदयपुर, 8 मई। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा राजस्थान महिला विद्यालय के गैलेडा उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना एवं समाज में स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सेवा के प्रति सकारात्मक संदेश देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. भूपेश जैन ने विद्यार्थियों को थैलेसीमिया रोग के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक थकान एवं कमजोरी, त्वचा का पीलापन, सांस फूलना, हड्डियों की विकृति, पेट में सूजन तथा गहरे रंग का मूत्र इसके प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से बचाव के लिए विवाह पूर्व रक्त जांच, प्रसवपूर्व निदान एवं जेनेटिक काउंसलिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया तथा प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने महावीर इंटरनेशनल के प्रमुख अभियान “कपड़े की थैली मेरी सहेली” पर प्रकाश डालते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं उससे होने वाले कैंसर जैसी बीमारियों के प्रति बच्चों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनके सही उत्तर देने वाले बच्चों को जूट बैग वितरित किए गए।
इस अवसर पर केंद्र के सदस्य वीर मनीष बडोला ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित किए बिना सफलता प्राप्त नहीं की जा सकती। वहीं केंद्र के कोषाध्यक्ष वीर सीए अशोक खुर्दिया ने विद्यार्थियों को सीए बनने की प्रक्रिया, उसमें आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में जानकारी देते हुए करियर काउंसलिंग की। केंद्र के सचिव वीर सुरेश बड़ीवाल ने महावीर इंटरनेशनल द्वारा संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था छात्रवृत्ति, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं रक्तदान जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है।
अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल द्वारा अस्पतालों में बेबी किट वितरण, दिव्या मदर मिल्क बैंक में दुग्धदात्री माताओं को फल वितरण, अहिंसा पुरी फिजियोथैरेपी सेंटर का संचालन तथा शिक्षा के क्षेत्र में छात्रवृत्ति जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालयों में ऐसे जागरूकता एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। अंत में विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों ने महावीर इंटरनेशनल के इस सामाजिक एवं जागरूकता अभियान की सराहना की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!