खेरवाड़ा थाने में CLG बैठक: त्योहारों, आगामी चुनावों और हाईवे यातायात पर मंथन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

थाना खेरवाड़ा: जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार श्री रजत विश्नोई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाड़ा के पर्यवेक्षण में आज खेरवाड़ा थाने पर सीएलजी (Community Liaison Group) बैठक का आयोजन किया गया। श्री अर्जुन सिंह राठौड़ वृत्ताधिकारी वृत्त ऋषभदेव और श्री मनमंथ आढ़ा थानाधिकारी, खेरवाड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में उपखंड अधिकारी खेरवाड़ा निलेश कलाल सहित व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, सुरक्षा सखी और एनएचएआई (NHAI) के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रमुख मुद्दों पर चर्चा और निर्णय:

  • हाईवे और यातायात व्यवस्था: एलीवेटेड रोड निर्माण कार्य के कारण प्रभावित हो रहे आवागमन को सुचारू बनाने के लिए एनएचएआई अधिकारियों के साथ वैकल्पिक मार्ग और यातायात संचालन पर विचार-विमर्श किया गया।

  • अतिक्रमण और सब्जी मंडी स्थानांतरण: बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और बस स्टैंड पर संचालित सब्जी मंडी को यातायात की सुगमता के लिए अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया, जिस पर एसडीएम ने शीघ्र व्यवस्था का आश्वासन दिया।

  • जल निकासी समाधान: रानी रोड से हाईवे कट के पास जल निकासी की समस्या से सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है, जिसके स्थायी समाधान के लिए पंचायत और संबंधित विभागों को उचित नाला निर्माण के निर्देश दिए गए।

  • त्योहार और चुनाव: आगामी नवरात्रि, दशहरा पर्व पर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी पंचायती राज व जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन की जानकारी दी गई।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन द्वारा चलाए जा रहे जागृति अभियान को सफल बनाने और क्षेत्र में शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!