वायुसेना दिवस पर विद्यार्थियों ने सीखे प्रभावी संवाद और नेतृत्व के गुर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
टीपीआईसी के विशेष प्रशिक्षण सत्र में वक्तृत्व कला, अनुशासन और आत्मविश्वास पर दिया जोर
उदयपुर। भारतीय वायुसेना दिवस के अवसर पर ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं कौशल विकास को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ट्रेनिंग, प्लेसमेंट एवं इन्क्यूबेशन सेंटर (टीपीआईसी) की ओर से वक्तृत्व कौशल विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास, वीरता, अनुशासन तथा राष्ट्र की सुरक्षा में उसके योगदान की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि सैन्य क्षेत्र में स्पष्ट एवं प्रभावी संचार निर्णय लेने, निर्देश देने और टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सत्र में संकेतों, हाथ के इशारों और अन्य गैर-मौखिक संचार माध्यमों के महत्व को उदाहरणों के साथ समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सही समय पर स्पष्ट निर्देश और प्रभावी संवाद टीम की कार्यक्षमता एवं सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान आवाज में उतार-चढ़ाव, शारीरिक हाव-भाव, प्रस्तुतीकरण शैली, शब्दों का उचित चयन और मंच पर आत्मविश्वास जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखने तथा श्रोताओं से बेहतर संवाद स्थापित करने का व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि वक्तृत्व कौशल केवल मंच पर भाषण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि साक्षात्कार, समूह चर्चा, नेतृत्व, कार्यस्थल और भविष्य के व्यावसायिक अवसरों में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
टीपीआईसी का यह प्रशिक्षण सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी संचार कौशल विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आगामी प्लेसमेंट एवं करियर अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में उपयोगी पहल रहा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!