भाजपा के लोकप्रिय नेता दीपक मोगरा के निधन पर शोक की लहर, सहकारिता मंत्री गौतम दक ने दी श्रद्धांजलि

उदयपुर। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि एवं प्रतिष्ठित प्रॉपर्टी व्यवसायी स्वर्गीय दीपक मोगरा के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। अपने सेवाभावी, मिलनसार और सदैव मुस्कुराते रहने वाले स्वभाव के कारण वे समाज में अत्यंत लोकप्रिय और सम्मानित व्यक्तित्व थे।
मंगलवार को राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक स्वर्गीय दीपक मोगरा के निवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दीपक मोगरा का असमय निधन न केवल भाजपा संगठन बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
मंत्री दक ने कहा कि दीपक मोगरा ने संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ जनसेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव और लोगों से जुड़ाव उन्हें खास बनाता था। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।
इस दौरान उदयपुर की पूर्व महापौर रजनी डांगी, ओसवाल सभा अध्यक्ष प्रकाश कोठारी, ओसवाल महिला मंच अध्यक्ष माया सिरोया, स्वर्ण व्यवसायी राकेश तातेड सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय दीपक मोगरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। सव. मोगरा के प्रति लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला,राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी परिजनों को पत्र लिखकर अपनी संवेदनाएं प्रकट की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!