मीरा रेस्टोरेंट में खाने में कॉकरोज की शिकायत पर पर्यटक से संचालक व स्टॉफ ने की मारपीट

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर में देहलीगेट पर यातायात पुलिस कार्यालय के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग को लेकर आए दिन चर्चाओं में रहने वाली मीरा रेस्टोरेंट में रविवार को खाने में कॉकरोज की शिकायत करने पर गुजराती पर्यटक के साथ रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने मारपीट कर दी। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ धानमंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार गुजरात के अहमदाबाद निवासी 35 वर्षीय जयेश पटेल रविवार को अपने परिवार के साथ खाना खाने के लिए शहर के देहलीगेट स्थित मीरा रेस्टोरेंट पर गया था। खाना परोसे जाने पर जयेश ने स्टॉफ से खाने में कॉकरोज होने की शिकायत की। इस पर स्टॉफ ने बडी इलायची होना बताया और यह कहते हुए खाने की प्लेट हाथ में उठाकर ले गया कि वह धोकर देखता है। इस बीच जयेश को सबूत मिटाने की आशंका हुई तो वह भी स्टॉफ के पीछे पीछे गया। इस पर उनके बीच बहस हो गई और स्थिति मारपीट तक जा पहुंची। जयेश का आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक और उसके स्टॉफ ने उसके साथ मारपीट की। उसके साथ परिवार की छह महिलाएं भी थी। रेस्टोरेंट में मारपीट के चलते अफरा तफरी का माहौल हो जाने पर वहां खाना खा रहे अन्य ग्राहक भी उठकर बाहर की तरफ निकलने लगे। मारपीट की इस सारे घटनाक्रम के दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी भी था जो उनके बीच मारपीट नहीं रोक सका। हमले में जयेश के चेहरे व सिर पर गंभीर चोट आने से लहुलूहान हो गया। उसे तत्काल एमबी चिकित्सालय ले जाया गया जहां उपचार कराया गया। उसके बाद जयेश और रेस्टोरेंट संचालक द्वारा धानमंडी थाने में एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दी गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!