नगर निगम चुनाव-2026: संकल्प पत्र जारी करते हुए कांग्रेस ने भाजपा बोर्ड पर लगाए बदहाली के आरोप

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को आरटीडीसी होटल् कजरी में अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए मौजूदा भाजपा बोर्ड पर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को चरमराने का आरोप लगाते हुए कहा कि उदयपुर प्रदेश के जोधपुर, बीकानेर, कोटा जैसे शहरों से भी विकास में काफी पिछडा हुआ है। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड और देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीरसिंह मीणा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि माइक्रो लेवल प्लानिंग के अभाव में उदयपुर, जो मेवाड़ की आन-बान-शान और सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख केंद्र है, आज बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और शहर की पहचान के संकट से जूझ रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि वह उदयपुर को वैश्विक मानचित्र पर एक आदर्श, आधुनिक और जन-केंद्रित महानगर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव में 45 प्लस प्रत्याशी जीतेंगें और बोर्ड कांग्रेस का बनेगा। मतदाताओं ने इस बार पूरा मानस बना लिया है। दोनों जिलाध्यक्षों ने भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में उपेक्षित रहे ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार और शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली झीलों के पानी को आधुनिक तकनीक आधारित प्लांटों के जरिए पूरी तरह शुद्ध करने का वादा किया। इसके साथ ही उदयपुर के प्राचीन मंदिरों, बावड़ियों, घाटों और ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए एक विशेष धरोहर संरक्षण कोष गठित करने और लगभग 4000 वर्ष पुरानी आहाड़ सभ्यता तथा आयड़ नदी को अतिक्रमण व प्रदूषण से मुक्त कराने की घोषणा की गई है। अरावली की पहाड़ियों पर अवैध कटाई और निर्माण कार्यों पर पूर्ण रोक लगाकर शहर के हरित आवरण को बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया है। पेयजल एवं झील संरक्षण के मोर्चे पर कांग्रेस ने पिछोला, फतेह सागर, उदयसागर सहित सभी झीलों में गंदे पानी की रोकथाम के लिए अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने और बेड़च नदी व उदयसागर झील में प्रवाहित होने वाले गंदे पानी की नियमित निगरानी हेतु सख्त टास्क फोर्स गठित करने की बात कही है। साथ ही शहर के हर वार्ड में समान दबाव के साथ स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है। स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने हर वार्ड में निःशुल्क प्राथमिक जांच, परामर्श और दवाइयों वाले ‘स्वास्थ्य क्लीनिक’ खोलने, गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु निगम स्तर पर विशेष चिकित्सा सहायता शिविर व सहायता डेस्क स्थापित करने की घोषणा की है। गरीब परिवारों और श्रमिकों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ-साथ वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन योजनाओं के सत्यापन व निस्तारण के लिए घर-द्वार पर शिविर लगाने का भी वादा किया गया है। शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर संकल्प पत्र में हर वार्ड में आधुनिक सुविधाओं और फ्री वाई-फाई से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित करने तथा युवाओं व महिलाओं को कंप्यूटर, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में निःशुल्क तकनीकी-व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए कौशल विकास केंद्र खोलने की बात कही गई है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा वर्षों से उलझाए गए 272 विवादित प्लॉटों के मामलों का पारदर्शी और त्वरित समाधान करने, शहरभर में बंद पड़े सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार करने और महिला सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर नाइट-विज़न सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी संकल्प लिया गया है। उन्होंने ने बेघर और लंबे समय से बसे पुराने निवासियों को आवासीय पट्टे देने, आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु 70 मीटर फ्री एयर स्पेस नियम लागू करने और नए फायर स्टेशनों की स्थापना करने का भी भरोसा दिलाया है। प्रशासनिक सुगमता के लिए वार्डों के जोनवार विभाजन, उदयपुर को भविष्य में मेट्रो सिटी, पर्यटन एवं वैश्विक स्तरीय वेडिंग सिटी के रूप में विकसित करने तथा ईस्टर्न इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निर्माण से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की योजना भी संकल्प पत्र का हिस्सा है। इसके अलावा उदयपुर को फिल्म सिटी टाउनशिप के रूप में विकसित करने, राजीव गांधी पार्क को डिज्नीलैंड की तर्ज पर विश्वस्तरीय गार्डन बनाने, शहर को स्लम-फ्री बनाकर पुराने कब्जों का नियमितीकरण करने, रिंग रोड व सैटेलाइट टाउन के जरिए यातायात दबाव कम करने और नाइट फूड प्लाजा के माध्यम से नाइट इकॉनोमी को बढ़ावा देने की भी घोषणा की गई है। पार्टी ने मेवाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष आयोजनों, नागरिकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा पॉलिसी लागू करने और यूडी टैक्स की तर्कसंगत समीक्षा का भी वादा किया है। राठौड व मीणा ने उदयपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को सहेजने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा और एक वोट से उदयपुर को बर्बादी से बचाकर दुनिया का सबसे खूबसूरत व विकसित शहर बनाने का संकल्प लेना होगा। प्रेसवार्ता में पूर्व जिला कलेक्टर एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा, प्रदेश महासचिव पंकज कुमार शर्मा, मैनिफेस्टो कांग्रेस कमेटी चेयरमैन प्रो पीआर व्यास, प्रो दरियावसिंह चुण्डावत, कांग्रेस विचार विभाग सदस्य प्रो महेश शर्मा, फिरोज अहमद शेख, डॉ संदीप गर्ग, शहर महासचिव दिनेश दवे आदि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!