उदयपुर पुलिस ने पर्यटकों के लिए शुरू किया व्हाट्सएप हेल्पलाइन चैटबॉट 73000 59984

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। विश्व पर्यटन मानचित्र पर ख्यात लेकसिटी उदयपुर में घूमने आने वाले देसी विदेशी पर्यटकों को तत्काल सुरक्षा, सुविधा और मदद मुहैया कराने के लिए उदयपुर पुलिस ने मंगलवार को व्हाट्सएप हेल्पलाइन चैटबॉट 73000 59984 शुरू किया है। राजस्थान में उदयपुर पुलिस पहली यूनिट होगी जिसने पर्यटकों की मदद के लिए यह हेल्पलाइन शुरू की है।

उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजीव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने पुलिस लाईन स्थित कांफ्रेंस हॉल में व्हाट्सएप हेल्पलाइन चैटबॉट 73000 59984 के पोस्टर का विमोचन कर पर्यटकों के लिए लांच किया। आईजी श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व स्तर पर देश विदेश में उदयुपर की अलग ही पहचान है। उनका प्रयास है कि उदयपुर पुलिस को पहले से और अधिक मजबूत बताएं। उदयपुर पुलिस चाहती है कि यहां आने वाले हर एक पर्यटक अपने साथ उदयपुर में बिताए सुखद, सुरक्षित और यादगार पल लेकर जाए। आईजी ने बताया कि उदयपुर में देखने को मिला है कि सभी एजेंसी आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य करती है। उदयपुर बढता हुआ शहर है जहां अन्य शहरों के मुकाबले आबादी के साथ साथ कई क्षेत्रों में डवलपमेंट हो रहा है। उन्होंने बताया कि लांच किए गए व्हाट्सएप चैटबॉट पर पर्यटकों द्वारा दी जाने वाली सूचना और मांगी जाने वाली मदद के लिए शीघ्रताशीघ्र कोई न कोई नजदीकी पुलिसकर्मी प्राथमिकता से पहुंचने की कोशिश करेगा। आईजी ने बताया कि यूं तो हेल्पलाइन नंबर 112 पूरे देश में काम कर ही रहा है। व्हाट्सएप हेल्पलाइन चैटबॉट 73000 59984 अन्य विकल्प के रूप में उपलब्ध कराया गया है। हेल्पलाइन नंबर 112 कभी कभार अत्यधिक व्यस्त होने की स्थिति में मदद मांगने वाले को अटेंड न हो सके। ऐसी स्थिति में उदयपुर में आने वाले पर्यटकों को चैटबॉट बेहतर विकल्प है। इसके अलावा आमजन के लिए राजकॉप ऐप भी है जिस पर संपर्क कर मदद ले सकते है। आईजी ने स्पष्ट किया कि आमजन के लिए पुलिस की कोई नई एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करती है। सिर्फ वॉट्सएप कर सकते है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने साईबर निरीक्षक विनय द्वारा प्रस्तुत लाईव प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि उदयपुर में गत वर्ष करीब 21 लाख पर्यटक आए थे जिनमें डेढ लाख विदेशी पर्यटक थे। उदयपुर पुलिस द्वारा लांच की हेल्पलाईन के लिए कोई अलग से एप्लीकेशन डाउनलोड करने की जरुरत नहीं है। सिर्फ वॉट्सएप पर चैट कर सूचना देनी होगी। एसपी डॉ दुहन ने बताया कि इसका उद्देश्य केवलमात्र जरुरतमंद पर्यटक को वॉट्सएप पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। इसमें मदद के लिए कई विकल्प दिए गए है जिसे पीडित पर्यटक अपनी सुविधा अनुसार चुनते हुए मदद ले सकता है। उन्होंने बताया कि पर्यटक द्वारा वॉट्सएप पर चैट करने पर पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित डेस्क अटेंड करेगा और सारी जानकारी जुटाने के बाद संबंधित थाना पुलिस तक पहुंचाएगा ताकि संबंधित पुलिस मदद के लिए पीडित तक पहुंच जाए। उदयपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध संसाधनों के जरिए ही यह कार्य किया जाएगा। इसके लिए अलग से संसाधन नहीं जुटाए गए हैं। इसे लांच करने से पहले संबंधित स्टॉफ को पूरी ट्रेनिंग दी गई है। एसपी डॉ अमृता ने बताया कि यह हेल्पलाइन सोफ्टवेयर विशेषज्ञ सचिन गर्ग के सहयोग से तैयार किया गया है और वह जरुरत अनुसार इसमें तकनीकी अपडेट भी करते रहेंगें। प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, डिप्टी अंजना व अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!