राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे में शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा की

तिरुपति, हैदराबाद, गुलमर्ग और श्रीनगर प्रवास के दौरान विभिन्न बैठकों, फील्ड विजिट और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर जनकल्याण की कामना की

राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने मई माह में आवासन एवं शहरी कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के अंतर्गत  तिरुपति, हैदराबाद, गुलमर्ग एवं श्रीनगर प्रवास के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों, फील्ड विजिट और धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

आंध्र प्रदेश के तिरुपति प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति बालाजी) में दर्शन कर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान संसदीय समिति के माननीय सभापति श्री मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी एवं अन्य समिति सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

हैदराबाद में आयोजित आवासन एवं शहरी कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने भाग लिया। तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्री श्री अनुमुला रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में अमृत मिशन, अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, पीएम स्वनिधि, पीएम ई-बस सेवा, अर्बन चैलेंज फंड तथा हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि देश के शहरी विकास मॉडल और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को समझने का यह महत्वपूर्ण अवसर रहा।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग एवं श्रीनगर प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संसदीय समिति की बैठकों में भाग लेते हुए शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान झेलम रिवर फ्रंट, लाल चौक पब्लिक स्क्वायर और अमीराकदल पैदल क्षेत्र का फील्ड विजिट कर आधुनिक शहरी विकास, विरासत संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के समन्वित मॉडल का अवलोकन किया गया।

श्रीनगर प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने शंकराचार्य शिव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देवाधिदेव महादेव से सभी के सुख, समृद्धि और उन्नति की प्रार्थना की। उन्होंने कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और वहां के शांतिपूर्ण वातावरण की भी सराहना की।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि ऐसे अध्ययन दौरे देश के विभिन्न राज्यों में चल रही विकास योजनाओं के सफल मॉडलों को समझने और अपने क्षेत्र में बेहतर योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। राजसमंद सहित राजस्थान के शहरी विकास के लिए भी इन अनुभवों का लाभ लिया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!