मेड़ता सिटी/नागौर, 23 मई। ग्राम कूम्पड़ास, मेड़ता सिटी (नागौर) में वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया की 521वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में विशेष मुख्य अतिथि के रूप में राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ एवं नाथद्वारा विधायक महाराणा श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने उपस्थित होकर वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर नाथद्वारा विधायक महाराणा श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि समाज के युवाओं द्वारा इस प्रकार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को आधुनिक सोच और तकनीक के साथ आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन साथ ही अपनी गौरवशाली विरासत, इतिहास और संस्कृति से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है। आधुनिकता और परंपरा का समन्वय ही समाज को सही दिशा देगा।
राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने संबोधन में कहा कि आज के एआई और तकनीक के युग में युवाओं का अपनी संस्कृति और इतिहास से जुड़ाव बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराते हैं।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया के अद्वितीय शौर्य, समाज और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेंद्र राठौड़, मेड़ता विधायक श्री लक्ष्मणाराम कलरू, खींवसर विधायक श्री रेवंतराम डांगा, मारवाड़ राजपूत सभा के अध्यक्ष श्री हनुमान सिंह खांगटा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
