महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने 220 महिलाओं को दिया स्वरोजगार एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– प्रशिक्षण के बाद टूल किट, जूट बैग, सेनेटरी पैड एवं स्टेशनरी वितरित
– 112 महिलाओं-पुरुषों के मोतियाबिंद ऑपरेशन भी करवाए

उदयपुर, 23 नवम्बर। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र एवं साधना के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 220 महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान करने के पश्चात उन्हें स्वरोजगार के लिए टूल किट वितरित किए गए। साथ ही जूट बैग, सेनेटरी पैड एवं स्टेशनरी का भी वितरण किया गया।
केंद्र अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा। इसी क्रम में जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के सहयोग से महिलाओं की बीपी, शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। साथ ही आंखों एवं दांतों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध करवाया गया। नेत्र जांच के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं को आगे उपचार की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र ही निशुल्क इलाज एवं दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के चिकित्सक डॉ. हरि सिंह मोगरा ने महिलाओं की आंखों की जांच कर दवाइयां वितरित कीं। डॉ. कमला कवरानी एवं डॉ. सुशीला सांखला ने महिलाओं को स्त्री रोगों, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने स्वयं सहायता समूहों एवं बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं सचिव वीर सुरेश बड़ीवाल ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया।
रवींद्र सुराणा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के द्वारा 400 दिनों में 1080 सेवा प्रकल्प पूरे कर एक नया कीर्तिमान सेवा का स्थापित किया गया है कार्यक्रम में अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव वीर सुरेश बड़ीवाल, कोषाध्यक्ष सीए अशोक खुर्दिया, जोन सचिव राजकुमार नलवाया, डॉ. कमला कवरानी, डॉ. सुशीला सांखला, डॉ. अजय कुमार सांखला, राजमल जैन, कौशल्या जैन, स्वराज जैन, राजेंद्र सुराणा, उषा सुराणा, महावीर प्रसाद जैन, मधु मित्तल, पूरणमल मेहता, सुशीला मेहता, नरेंद्र खाब्या, रानी खाब्या, कमल कुमार जैन, पुष्पा जैन सहित अनेक सदस्यों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
– 112 मोतियाबिंद ऑपरेशन निशुल्क करवाए
वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा नानेश ज्ञान केंद्र दांता में 112 जरूरतमंद व्यक्तियों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन निशुल्क करवाए गए। ऑपरेशन के बाद लाभार्थियों को चश्मे, दवाइयां एवं जूट बैग भी उपलब्ध करवाए गए।
– तीन यूनिट रक्त की व्यवस्था कर मानव सेवा का परिचय दिया
वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल सलूंबर केंद्र के एक सदस्य को रक्त की आवश्यकता होने पर महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा तत्परता दिखाते हुए तीन यूनिट रक्त उपलब्ध करवाया गया। केंद्र ने इस सहयोग के माध्यम से जरूरतमंद को समय पर सहायता पहुंचाकर मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!