उदयपुर। एश्वर्या ग्रुप आॅफ काॅलेजेस के 30 वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित बहुप्रतीक्षित “अभिव्यक्ति” सांस्कृतिक महोत्सव के तीसरे दिन परिसर कला, संस्कृति, संगीत, अभिनय और बौद्धिक अभिव्यक्तियों से जीवंत हो उठा। जूनियर, सीनियर एवं कॉलेज वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मक ऊर्जा के साथ भाग लेकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
तीसरे दिन के मुख्य अतिथि कर्नल धीरेन्द्र सिंह व रीना अग्रवाल थे। अतिथियों का पारंपरिक मेवाड़ी पाग एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा ने “अभिव्यक्ति” को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच बताते हुए संस्थान की 30 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, समूह चर्चा, स्किट, ग्रुप सिंगिंग, डुएट सिंगिंग, फैंसी ड्रेस एवं अंताक्षरी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने ज्ञान, तर्कशक्ति, मंचीय आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावशाली परिचय दिया। स्किट प्रतियोगिताओं में सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक करने के साथ सार्थक संदेश भी दिए, वहीं संगीत प्रतियोगिताओं ने पूरे वातावरण को सुरों और तालियों से गुंजायमान कर दिया।
मुख्य अतिथि कर्नल धीरेंद्र सिंह ने कहा कि संगीत, अभिनय और बौद्धिक अभिव्यक्ति युवा पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं रीना अग्रवाल ने “अभिव्यक्ति” जैसे आयोजनों को युवाओं की प्रतिभा निखारने वाला प्रेरणादायी मंच बताया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन भूमिका शर्मा, मोहित मेहता, आरजे खुशबू, पारूल लोढ़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन खुशी पालीवाल, स्नेहा राठौर, मानसी पैमावत, प्रियांशी व्यास एवं कामाक्षी ने किया। अंत में नरेश डांगी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। महोत्सव के आगामी चरण में 10 मई को नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जहां रंग, लय और मंचीय ऊर्जा का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।
अभिव्यक्ति” में तीसरे दिन प्रतिभाओं का महाकुंभ, संगीत-नाट्य और बौद्धिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
