-ग्राम पंचायत महाडी में रात्रि चौपाल, आदिवासी बच्चों की प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग का खर्च उठाने का दिया भरोसा
उदयपुर, 8 मई। ग्राम रथ अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने शुक्रवार रात को कोटडा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत महाडी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे। मंत्री श्री खराडी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चैपाल के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराडी ने आदिवासी जनजातीय बच्चों की शिक्षा को लेकर संवेदनशील पहल करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के भविष्य में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और छात्रवृत्ति के बावजूद यदि किसी आदिवासी छात्र-छात्रा को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अथवा शिक्षा ऋण से जुडी किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी आती है तो वे व्यक्तिगत स्तर पर सहयोग और खर्च वहन करने के लिए भी तैयार हैं।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा को जीवन का सबसे बडा माध्यम बताते हुए मेहनत और लगन से आगे बढने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री श्री खराडी ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर समाजसेवी सुगना देवी, निर्मल गरासिया, मुकेश माली, हिम्मत तावड, मालजीराम पारंगी सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इससे पहले मंत्री श्री खराडी ने ग्राम पंचायत मामेर में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा में आर्थिक बाधा नहीं आने देंगे – कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराडी
