उदयपुर: राजस्थान की पावन धरती पर एक बार फिर भक्ति की लहर दौड़ पड़ी है। बड़गांव तहसील के थूर गांव में नवनिर्मित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का दो दिवसीय भव्य आयोजन बुधवार को संपन्न हुआ । इस पावन अवसर पर संत श्री अवधेश चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज (सूरजकुण्ड धाम, मेवाड़) के पावन सानिध्य में मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया। ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी और भक्ति का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है।मुख्य अतिथियों का सानिध्य के रूप में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया और मेवाड़ राज परिवार के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि ताराचंद जैन एवं अतुल चंडालिया ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।शाम को हुई विशाल भजन संध्या में भक्ति की अमृत वर्षा हुई। प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा, मधुबाला राव, महावीर सांखला और अनिल डांगी की मधुर आवाज ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। भजन-कीर्तन की गूंज थूर की घाटी में देर रात तक गूंजती रही।: मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह बुधवार को प्रातः 9 बजे मुख्य समारोह में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का पावन अनुष्ठान संपन्न हुआ। मंदिर मंडल परिवार एवं थूर गांव के समस्त ग्रामवासियों ने इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की।आयोजनकर्ता नारायण लाल डांगी ने बताया, “यह पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पावन और महत्वपूर्ण अवसर है। थूर गांव में गणेश जी के आगमन से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ेगा।
श्री सिद्धि विनायक मंदिर अब थूर गांव की आस्था का केंद्र बन गया है। स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
