उदयपुर, 2 अगस्त (ब्यूरो): शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत बेखौफ बदमाश लगातार कार व बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पहली घटना सुखेर थाना क्षेत्र की है, जहां एक ही दिन में अलग-अलग स्थान से तीन मोटरसाइकिल चोरी हो गईं। पुलिस के अनुसार शांताबाई पत्नी मदन गमेती निवासी सूर्योदय कॉलोनी भुवाणा की स्कूटी 29 जुलाई की रात को अज्ञात बदमाश ने चुरा ली। वहीं लक्ष्मण मेघवाल पुत्र भंवरलाल मेघवाल निवासी गढ़ मंगरी थाना सुखेर की मोटरसाइकिल भी 27 जुलाई की रात को अज्ञात बदमाशों द्वारा चुरा ली गई। सोहन सिंह पुत्र प्रताप सिंह राजपूत शिव कालोनी पुला थाना अंबामाता की मोटरसाइकिल 29 जुलाई की रात को सेलिब्रेशन मॉल के पास से चोरी हो गई। हिरणमगरी व सवीना थाना क्षेत्रों में चोरों ने अपना जलवा दिखाया और एक कार व मोटरसाइकिल गायब कर दी। हिरणमगरी थाने के अंतर्गत चोर मानाराम पुत्र लिम्बा मीणा उमरड़ा की बाइक चुरा ले गए तो वहीं सवीना थाने के अंतर्गत जगन्नाथ पुत्र भगवती नाथ कृष्णा कालोनी सैक्टर 9 की टाटा इन्डिका कार 31 जुलाई की रात को घर के बाहर से चुरा ली। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
राशन की दुकान से गेहूं चोरी
उदयपुर, 2 अगस्त (ब्यूरो): जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात चोर राशन की दुकान से गेहूं चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार अशोक कुमार पुत्र चुन्नीलाल व्यास निवासी बरोठी थाना बावलवाड़ा की राशन की दुकान से 1 अगस्त की रात को अज्ञात चोर 8 क्विन्टल से ज्यादा गेहूं चुरा कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर ताला तोड़ कर चुराया सामान
उदयपुर, 2 अगस्त (ब्यूरो): जिले के सायरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोर ताला तोड़कर घर का कीमती सामान चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार रतनलाल पुत्र हीरालाल कलाल निवासी पदराड़ा थाना सायरा के घर से 31 जुलाई की रात को अज्ञात चोर ताला तोड़कर कीमती सामान उठा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
