उदयपुर, 2 अगस्त। 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविन्द पनगडिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को जयपुर के रामबाग पैलेस में राज्य स्तरीय बैठक हुई। इसमें उदयपुर जिला प्रमुख ममता कुंवर पंवार ने भाग लेते हुए वित्त आयोग के समक्ष पंचायती राज संस्थाओं को आवंटित अनुदान राशि के बंटवारे में निर्धारित मानकों के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक की जानकारी देते हुए जिला प्रमुख ममता कुंवर ने बताया कि 16वें वित्त आयोग के तहत पंचायती राज संस्थाओं को आवंटित अनुदान राशि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उच्च माध्यमिक विद्यालयों अंतर्गत कार्य स्वीकृत करने का अधिकार प्रदान किए जाने की मांग रखी। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं हेतु एक निश्चित राशि प्रति वर्ष जिला परिषदों को उपलब्ध कराने, केंद्र सरकार द्वारा आवंटित राशि पंचायतीराज संस्थाओं को निश्चित समय पर प्रति वर्ष एक निश्चित माह में अनिवार्य रूप से हस्तांतरित किए जाने सहित अन्य सुझावों पर भी अध्यक्ष सहित सदस्यों एवं विभागय अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई।
प्रेमचंद जयंती पर साहित्यकारों का सम्मान
उदयपुर, 2 अगस्त। राजस्थान साहित्य अकादमी की ओर से कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद जयंती पर समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्व में हिन्दी भाषा साहित्य के प्रचार-प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वह्न करने पर अकादमी की ओर से डॉ. मधु खंडेलवाल मधुर, किरन बाला किरन, सुनीता जैन रूपम, सुनीता पंचौरी, मनोहरलाल श्रीमाली, नंदिता रवि चौहान, पायल गुप्ता पहल, दीपशिखा क्षेत्रपाल, पुष्पा क्षेत्रपाल आदि का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मीनारायण नंदवाना, डॉ. मंजु चतुर्वेदी, मधु अग्रवाल, लोकेश चौबीसा, रामदयाल मेहर, निर्मला शर्मा निलोफर, श्रेणीदान चारण, बी. दत्त शुक्ला, ज्योतिपुंज, हुसैनी बोहरा, किरण आचार्य, अशोक मंथंन, पुष्कर गुप्तेश्वर, विजय प्रकाश विप्लवी, बाल मुकुंद नंदवाना, सुनिल टांक विजयलक्ष्मी देथा, जगदीश पालीवाल, आनंदराज माथुर, सूर्यप्रकाश सुहालका, हिमंशु पंड्या आदि की गरिमामय उपस्थिति रही। अंत में राजेश मेहता ने आभार जताया। संचालन डॉ. कीर्ति चुण्डावत ने किया।
महिलाओं एव बालिकाओं को दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी
उदयपुर, 2 अगस्त। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं निदेशालय महिला अधिकारिता विभाग के संकल्प 100 दिवसीय विशेष जन जागरुकता अभियान के तहत राउमावि मनवाखेड़ा में बालिकाओं को मिशन शक्ति योजना के तहत महिलाओं एव बालिकाओं को सुरक्षा सशक्तिकरण के बारे मे जानकारी दी गई। महिला अधिकारिता विभाग की जेण्डर स्पेशलिस्ट विमला वीरवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गरीब परिवार की बालिकाओं के लिए लाडो प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य राज्य में बालिका के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच एवं बालिका का समग्र विकास सुनिश्चित करना एवं बालिकाओं के पालन-पोषण, शिक्षण व स्वास्थ्य के मामले में होने वाले लिंग भेद को रोकना एवं बालिकाओं का बेहतर शिक्षण व स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है। यह योजना 01 अगस्त 2024 को सभी राज्यों मे लागू की गई है। इस योजना के तहत बालिकाओं के जन्म से लेकर पूरी पढ़ाई तक 1 लाख रुपये 7 किश्तो मे मिलेंगे। साथ ही आरएससीआईटी निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कोर्स,’ शिक्षा सेतु योजना के बारे मे बताया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामेश्वर उपाध्याय सहित अन्य स्टाफ एवं महिला शक्ति केन्द्र की कानूनी परामर्शदाता, ग्राम साथिन उपस्थित रहे।
