भीलवाडा, 15 मई। शांति एवं अहिंसा विभाग के गठन के उपरांत जिला स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ की प्रथम बैठक सोमवार को निदेशालय शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक श्री मनीष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक का आयोजन जिला स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी, जिले के शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी एवं जिला स्तरीय प्रकोष्ठ की सदस्य सचिव डॉ शिल्पा सिंह की मौजूदगी में हुई।
निदेशक श्री मनीष कुमार शर्मा ने इस दौरान उपखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविरों के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों अहिंसा रैली, भजन संध्या, विभिन्न रचनात्मक कार्य आदि की विस्तृत जानकारी दी। साथ राज्य सरकार की बचत बढ़त और राहत की मंशा के अनुरूप आयोजित हो रहे महंगाई राहत शिविरों में शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के गैर सरकारी सदस्य हेल्प डेस्क के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को देंगे, इस पर भी चर्चा हुई। श्री शर्मा ने जिला स्तरीय अहिंसा प्रकोष्ठ के समक्ष गा्रम पंचायत स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण शिविरों के प्रतिभागियों के चयन तथा बजट घोषणा 2023 के तहत महात्मा गांधी पुस्तकालय एवं संविधान केन्द्र की स्थापना के संदर्भ में चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि
गाँधी जी के आदर्शों को आमजन की जीवनशैली में सम्मिलित करना जिला स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ का उद्देश्य है।
जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविरों के लिए कार्यक्रम कैलेण्डर भिजवाने की बात कही। साथ ही उन्होंने युवाओं के जीवन में गांधीजी के मूल्यों द्वारा सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही।
जिले के शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी ने अवगत कराया कि जिला स्तर पर स्थापित किये जाने वाले शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के कार्यालय का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशानुरूप शांति एवं अहिंसा निदेशालय के माध्यम से महात्मा गांधीजी के विचारों, उनके आदर्शों को सुलभता से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ अलका गुप्ता, नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी श्री सुमित यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री सत्यपाल जांगिड़, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री नगेंद्र तोलंबिया, राजीविका से श्री रामप्रसाद सहित शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के ब्लॉक संयोजक, राज्य स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण प्राप्त गांधीवादी विचार भी रहे।
