भीलवाड़ा : शिवभक्ति की गूंज से गुंजायमान हुआ भीलवाड़ा, 7000 श्रद्धालुओं ने लिया कांवड़ यात्रा में भाग, 51 फीट की भव्य कांवड़ रही मुख्य आकर्षण

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम, निंबार्क आश्रम से हरणी महादेव तक निकली भव्य-दिव्य कांवड़ यात्रा
भीलवाड़ा/ श्रावण मास के पावन अवसर पर पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति, भीलवाड़ा के तत्वावधान में निंबार्क आश्रम, गांधीनगर से हरणी महादेव मंदिर तक विशाल, भव्य एवं दिव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। करीब 7000 श्रद्धालुओं की भागीदारी और 51 फीट की भव्य कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। शिवभक्तों के विशाल जनसैलाब से पूरा शहर शिवमय नजर आया।
यह पावन यात्रा पूज्य महंत श्री 108 मोहन शरण जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद में निंबार्क आश्रम से प्रारंभ हुई। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर महंत मोहन शरण महाराज, महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज, महामंडलेश्वर महंत बाबूगिरी महाराज, महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, पंडित मुरारी पांडे एवं सागर दास जी महाराज हमीरगढ़ सहित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। संत महात्मा सहित सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्यजनों ने कांवड़ यात्रा को तिरंगा झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और शिवभक्ति के साथ भाग लिया। यात्रा मार्ग “हर-हर महादेव” और “बोल बम”के जयघोष, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भजनों से गुंजायमान रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं और विभिन्न संगठनों द्वारा कांवड़ यात्रा का स्वागत किया गया। 51 फीट की भव्य कांवड़ को देखने के लिए यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
हरणी महादेव मंदिर पहुंचने पर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया गया। शिव आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई, जहां हजारों शिवभक्तों ने दर्शन एवं प्रसादी का लाभ लिया।
मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, भजन मंडलियों, सुरक्षा और प्रसादी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गईं। यात्रा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में प्रशासन और स्वयंसेवकों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
समिति अध्यक्ष अरुण राय ने यात्रा की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, सहयोगी संस्थाओं, प्रशासन, पत्रकारगण, भजन मंडलियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रा का निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट, निम्बार्क सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। उन्होंने इस आयोजन को आस्था, ऊर्जा और एकता का अद्वितीय संगम बताया।
इस सफल आयोजन में समिति संरक्षक एच.एल. बघेल, आनंद राय, डॉ. अशोक सिंह, उमेश शुक्ला, सचिव ओमप्रकाश सिंह, रोशन सिंह, सुरेश चंद्रवंशी, हंसराज यादव, विनोद सिंह, राजीव कुमार सिंह एवं कामेश्वर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!