उदयपुर। शहर से सटे धामदर उमरडा क्षेत्र में युवती से झूठी शादी कराकर युवक से डेढ लाख रुपए ऐंठ लेने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार भूपेंद्र पटवा पुत्र गौतम लाल पटवा निवासी गुप्तेश्वर नगर सेक्टर—7 हाल ब्लॉक ए फ्लेट संख्या 406 फोर्थ फ्लोर एसएस कॉलेज के पीछे रिको उमरडा ने जगन्नाथ भानुदास, किशोर रामभाउ, वसंत महादुर मोरे, ज्योति संजय काबले निवासी मेहकर महाराष्ट्र के खिलाफ हिरणमगरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा उसके साथ एक लाख 50 हजार रुपए नगद लेकर ज्योति के साथ झूंठपुठ शादी करवाकर रुपए ऐंठ कर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गिरफ्तार नहीं हुए स्कोर्पिया से महिला को कुचलने के आरोपी
उदयपुर। शहर के कपिल विहार में पुत्र से रंजिश के चलते मां को स्कोर्पियों से कुचल कर मार देने के मामले में फरार आरोपियों को पुलिस वारदात के तीसरे दिन रविवार तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों व समाजजनों ने पुलिस को दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने की अल्टीमेटम दिया है। आरोपी नहीं पकडे जाने पर तेज आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस मामले में फतहसिंह पुत्र विरेंद्रसिंह गौड राजपूत निवासी कपिल विहार ने यशपाल सिंह झाला, यशवर्धन सिंह चुंडावत, विशाल शर्मा, नरेंद्र सिंह जैतावत, सोनू प्रजापत, निहाल चौधरी, गर्वित सिंह, लक्की शक्तावत और ऋषभ गोस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से हमसलाह होकर हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुसकर उसके घर के बाहर खडी कार में तोडफोड कर उसकी पत्नी उर्मिला कुंवर को गाडी से कुचलकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र को सहपाठियों ने पीटा, धमकियां दी
उदयपुर। शहर के सूरजपोल थानांतर्गत नियर विजन एकेडमी स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र से सहपाठियों द्वारा मारपीट करने, माफी मंगवाने और धमकाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार कुलदीप बागडी पुत्र मांगीलाल बागडी निवासी जनता मार्ग सूरजपोल ने तीन नाबालिग बच्चों के खिलाफ सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दी गई जिसमें बताया कि एक बालक ने उसके मिलने वाले दो लडकों को फोन कर बुलाया और उसके बाद नियर विजन एकेडमी स्कूल की छुट्टी होने पर दोनों लडकों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की जिससे उसके बेटे के अंदरुनी चोटे आई व उसके बेटे को सभी के सामने गुनगुन शर्मा के सामने माफी मंगवाई और कहा कि आज के बाद कोई ऐसी वेसी हरकत की तो उसे और मारने की धमकी दी जिससे उसका बेटा बहुत डरा हुआ है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
कलयुगी पुत्र ने की पिता की हत्या
उदयपुर। जिले के कोटडा क्षेत्र में एक कलयुगी पुत्र ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पूनमचंद पुत्र होमा लउर निवासी बडली कोटडा ने पिंकज लउर निवासी बडली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी पुत्र पिंकज ने अपने ही पिता मोहन लउर की हत्या कर दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
आईआईएम बलीचा से विद्युत सोलर प्लांट सामान चोरी
उदयपुर। शहर से सटे बलीचा क्षेत्र में स्थित आईआईएम परिसर से अज्ञात बदमाशों द्वारा विद्युत सोलर प्लांट चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आईआईएम बलीचा के 500केवी सोलर प्लांट के प्रतिनिधि गणेश पुत्र गुरु स्वामी ने गोवर्धनविलास थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 25 जुलाई को आईआईएम बलीचा परिसर में लगे विद्युत सोलर प्लांट सामान अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस के अनुसार आर्यराज सिंह पुत्र गजेंद्र पाल सिंह निवासी कुआ जिला डूंगरपुर हाल सेक्टर—3 हिरणमगरी ने दी रिपोर्ट में बताया कि सेक्टर—4 स्थित लवकुश लाइब्रेरी के से अज्ञात बदमाश द्वारा उसकी मोटरसाइकिल चुरा ली गई। इसी तरह कल्पना पत्नी नरेंद्र कुमार कलासुआ निवासी डच्की डूंगरपुर हाल बलीचा बाईपास गोवर्धनविलास ने दी रिपोर्ट में बताया कि खण्डी ओबरी पंचायत की पार्किंग में खडी उसकी स्कूटी अज्ञात बदमाश चुरा ले गया।
कमरें में युवक—युवती ने फांसी लगा की आत्महत्या
उदयपुर। जिले के टीडी क्षेत्र के सरुपाल फला मगात गांव के एक घर में कमरा बंद कर युवक व पडोसी गांव की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार लाल पुत्र गाबाजी ठाकुर निवासी लागनज तहसील मेसाणा जिला मैसाणा गुजरात ने दी रिपोर्ट में बताया कि सरुपाल फला मगात गांव में आठ अगस्त को उसके पुत्र 19 वर्षीय रवि ठाकुर पुत्र रमेश ठाकुर के साथ में पडौसी गांव की 17 वर्षीय मितल बेन पुत्री राजूभाई रावत दोनों कमरे में थे। उन्हें आवाज लगाई तो कोई आवाज नहीं आई। इस पर कमरे के उपर चद्दर तोडकर देखा तो दोनों अंदर फंदे पर लटके हुए दिखे। इस पर वे अंदर घुसे जहां दोनों को रस्सी ढीली करके नीचे उतारा तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। दोनों सुबह फांसी खा गए जिससे उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रंसग का प्रतीत होता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस मामले में जांच कर रही है। उधर अनिल पुत्र राजू रावल निवासी लागनज मेसाणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन मितल बेन निवासी मेसाणा घर से बिना बताए 7 अगस्त को निकली थी। बाद में पता चला कि वह उसके गांव के रवि ठाकुर के साथ गई है। उसके काका व बाबा उसको ढूंढने के लिए सरुपाल गए तो पता चला कि वहां दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घर में घुसकर चोरी कराने वाले 2 मास्टरमाइंड गिरफ्तार
उदयपुर। जिले की खेरोदा थाना पुलिस टीम ने अमरपुरा खालसां गांव में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए वारदात के दो मुख्य मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ तस्करी और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। एसपी डॉ अमृता दुहेन ने बताया कि प्रार्थी रमेशचन्द्र निवासी अमरपुरा खालसां ने 7 अगस्त को थाने पर रिपोर्ट पेश की कि 6 अगस्त को उनका एक परिचित ईश्वर अहीर उनके घर आया और रुका था। जब प्रार्थी, उनकी माता और पत्नी घर से बाहर गए थे, तब मौका पाकर ईश्वर अहीर घर के कमरों और अलमारी/अटैची के ताले तोड़कर सोने के कीमती जेवरात चैन, मंगलसूत्र, मांदलिया, हड्डा आदि चुराकर अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। टीम को दौरान-ए-तलाश मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि चोर ईश्वर, शातिर बदमाश ओम प्रकाश उर्फ ओम निवासी हथियाना कपासन जिला चित्तौड़गढ़ के लिए काम करता है। यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद उदयपुर के एक कार रेंटल ऑफिस से अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रखकर 4500 रुपए में क्रेटा कार किराए पर लेकर उज्जैन महाकाल दर्शन के बहाने फरार हुए हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता से क्रेटा कार का पीछा किया और निम्बाहेड़ा व नीमच के पास निकुम्भ नामक स्थान से कार सहित एक अन्य आरोपी सह आरोपी गौरव निवासी जवाहर नगर आकोला जिला चित्तौड़गढ को दबोच लिया। गौरव की निशानदेही पर पुलिस ने देवरिया गांव मनासा के पास दबिश दी, जहाँ से घटना का मुख्य मास्टरमाइंड ओमप्रकाश को पकड़ा गया, जबकि चोर ईश्वर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पुलिस थाना मंगलवाड़ का स्थाई वारंटी है। इसके खिलाफ गंभीर मारपीट का 1, चोरी-नकबजनी के 8 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 में शाहबाद (बारां) पुलिस थाना क्षेत्र में जब्त 1800 किलोग्राम डोडा चूरा तस्करी के मामले में व थाना मंगलवाड़ (चित्तौड़गढ) में लूट के मामले भी यह वांछित चल रहा था। फरार आरोपी ईश्वर भी वल्लभनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित है।
नीम की हरी लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
उदयपुर। जिले की घासा थानाु पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान नीम की गीली हरी लकड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार घासा थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह मय टीम के क्षेत्र में गश्त पर थे। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम गन्धर्व सागर तालाब की पाल पर पहुँची, तो सामने से एक मैसी फर्गुसन कंपनी की ट्रैक्टर-ट्रॉली आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रैक्टर को रुकवाया, ट्रैक्टर चालक ने अपनी पहचान रूपलाल पुत्र उदा निवासी खामकी मादड़ी (घासा) के रूप में बताई। ट्रैक्टर की ट्रॉली में कटी हुई हरी गीली लकड़ियां भरी हुई थीं। पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि ये लकड़ियां नीम के हरे पेड़ की हैं। जब पुलिस द्वारा इस हरी लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध कागजात और लाइसेंस मांगा गया, तो चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। वैध कागजात न होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को 207 एम.वी. एक्ट के तहत मौके पर ही जब्त कर लिया। मामले की अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग, उदयपुर को सूचित कर दिया गया है।
जीजा का अपहरण कर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर। जिले के ओगणा क्षेत्र में जीजा का अपहरण कर हत्या करने के मामले में तीन माह से फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार प्रार्थी विरमचन्द पुत्र भुरीलाल गमेती निवासी चैखला बारा पुलिस थाना ओगणा जिला उदयपुर ने 29 अप्रेल को रिपोर्ट पेश की कि घर पर दो मोटर साइकिलो पर पिन्टु का साला करण पुत्र छगन, सुनिल पुत्र छगन, पंकज पुत्र भेरुलाल, प्रकाश पुत्र कावाराम, केशुलाल पुत्र भेरा निवासी अम्बावी हाथ में तलवार लेकर पिन्टु के घर पर आए तथा पिन्टु को उठाकर जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठा अपरहरण कर ले गए और पिन्टु की हत्या कर दी। प्रकरण में 3 माह से फरार वाछित आरोपी सुनील उर्फ चुन्नीलाल पुत्र छगनलाल निवासी अम्बावी ओगणा को महाराष्ट्र नासिक से गिरफतार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं तलवार को बरामद किया जाकर अग्रिम अनुसंधान जारी है। प्रकरण में पूर्व में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
