श्रीनाथजी के दर्शन के बाद उदयपुर पहुंचीं बसंता बेन मोदी, तेली साहू समाज ने किया भव्य स्वागत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की बहन बसंता बेन मोदी एवं उनके पति हंसमुख भाई मोदी रविवार को श्रीनाथजी के दर्शन कर उदयपुर पहुंचे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने तेलीक साहू समाज पंच महासभा छः बैठक द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह एवं पुरुषोत्तम मास कार्यक्रम के भामाशाह सम्मान समारोह में समाजबंधुओं के बीच सहभागिता की। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।

समाज की छः बैठक के अध्यक्ष हेमेंद्र पण्डियार एवं चार बैठक के अध्यक्ष लालेश मंगरूडिया के नेतृत्व में महासभा के करीब 120 सदस्यों तथा भामाशाहों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष हेमेंद्र साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उदयपुर में तेलीक साहू समाज की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी दी।

समाज के निवर्तमान पार्षद एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र साहू ने बसंता बेन मोदी, हंसमुख भाई मोदी, नरेन्द्र मोदी विचार मंच के पर्यावरण प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक लक्ष्मीनारायण आमेटा तथा पर्यावरण प्रेमी किशोर कोठारी का परिचय कराया। उन्होंने दो दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अगस्त को रायता हिल क्षेत्र में बड़े भू-भाग पर करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता हीरा बा के नाम पर पौधारोपण किया गया। बसंता बेन मोदी एवं हंसमुख भाई मोदी ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में करीब 600 लोगों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मीनारायण आमेटा ने बताया कि समारोह में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष सुनील चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश धाभाई सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। क्षेत्र के करीब 600 लोगों की सहभागिता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस दौरान बंजर क्षेत्र को वृक्षारोपण के माध्यम से हराभरा बनाने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया गया।

राजस्थान भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रवक्ता प्रेमदेवी हाड़ा ने बताया कि दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन 9 अगस्त को प्रातः 8 बजे बसंता बेन मोदी एवं हंसमुख भाई मोदी कांकरोली स्थित द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे नाथद्वारा पहुंचकर श्रीनाथजी के दर्शन करेंगे और समाज के कार्यक्रम में भाग लेंगे। तत्पश्चात चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर गुजरात के विसनगर के लिए प्रस्थान करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!