प्री कैम्प एक्टिविटी पर हो फोकस, विभागवार हो प्रगति की समीक्षा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

साप्ताहिक समीक्षा बैठक
उदयपुर, 15 जून। जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार अपराह्न कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में एडीएम श्री राठौड़ ने जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में अपने-अपने विभाग की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करें। उन्होंने प्री कैम्प एक्टिविटी पर फोकस करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस पंचायत या वार्ड में शिविर प्रस्तावित हो, उससे एक दिन पहले वहां प्री कैम्प एक्टिविटी होनी चाहिए। इसमें लोगों को शिविर की जानकारी देते हुए योजनाओं आदि कार्यों के लिए आवेदन तैयार कराएं जाएं, ताकि लोगों को शिविर में अपेक्षित लाभ मिल सके।
उन्होंने शिविर कार्यक्रम के अनुसार विभागीय अधिकारियों का ड्यूटी चार्ट तैयार कर कलक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए पाबंद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में अपेक्षित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। एडीएम ने अवगत कराया कि जिला कलक्टर की ओर से सभी जिला अधिकारियों को तहसील तथा नगरीय निकाय आवंटित किए जा रहे हैं, संबंधित अधिकारी को आवंटित क्षेत्र में सप्ताह में कम से कम दो शिविरों में पहुंच कर चैकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निस्तारण, मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रकोष्ठ, आयोगों के लंबित प्रकरण, विभागीय समन्वय से जुड़े प्रकरणों आदि की भी बिन्दुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, सीईओ जिला परिषद विरमाराम, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन सहित सभी विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

दिव्यांग स्कूटी  योजना में आवेदन 31 जुलाई तक
उदयपुर, 15 जून। राजस्थान सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में “मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना 2026” के तहत दिव्यांगजनों को स्कूटी प्रदान की जाएगी। बजट घोषणा 2026-27 के तहत चलने फिरने में असमर्थ ऐसे विशेष योग्यजन जो राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत है अथवा रोजगार करने वाले युवा है आदि को प्रोत्साहित करने के लिये निःशुल्क  स्कूटी उपलब्ध करवायी जाएगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि योजनान्तर्गत आवेदन करने वाले आवेदक के पास 40 प्रतिशत या उससे अधिक का चलन निःशक्तता का यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) होना आवश्यक है। आवेदक यदि विशेष योग्यजन पेंशन प्राप्त कर रहा है तो पेंशन पीपीओ की प्रति आवश्यक है। आवेदक पेंशन प्राप्त नहीं कर रहा है तो उसके माता-पिता अभिभावक/स्वयं की संकलित वार्षिक 2 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजनान्तर्गत राजस्थान के मुल निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत 18 से 29 आयु वर्ग के दिव्यांगजन को प्रथम वरीयता से पात्रतानुसार स्कूटी वितरित की जायेगी। जिले के लिये निर्धारित स्कुटियों में से प्रथम वरीयता के वितरण के बाद यदि  स्कूटी   शेष रहने पर द्वितीय वरीयता में अन्यथा पात्र होने पर 45 वर्ष तक की आयु के दिव्यांगजन को स्कूटी वितरित की जायेगी। आवेदन के साथ यूडीआईडी कार्ड, मूल निवास, आय प्रमाण पत्र/पेंशन पीपीओ नियमित अध्ययनरत का प्रमाण, शपथ पत्र इत्यादि दस्तावेज देने होंगे। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर आवेदक के आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा। इच्छुक आवेदक अपने स्कूटी हेतु आवेदन 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन एसएसओ आईडी पर उपलब्ध आइकन (सीएम स्कूटी योजना) माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्रों में आक्षेप पूर्ति आवेदन की अंतिम दिनांक के 15 दिवस में किया जाना सुनिश्चित करें।

डाइट की बैठक में नवाचारों पर मंथन, शाला संबलन के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश

उदयपुर 15 जून। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) उदयपुर के टैगोर हॉल में सोमवार को डाइट पंचांग की वार्षिक कार्ययोजना के तहत मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डाइट प्रधानाचार्य शीला काहाल्या ने की। इस दौरान संस्थान के विभिन्न प्रभागों द्वारा संपादित की गई गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी माह की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
डाइट प्रधानाचार्य शीला काहाल्या ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस डाइट के तहत संकाय सदस्यों को सौंपे गए कार्यों की समीक्षा के दौरान सेवा पूर्व प्रशिक्षण प्रभाग के प्रभारी सुनील बिश्नोई और कार्यानुभव प्रभाग के अध्यक्ष दीपक सेन ने डाइट में किए जा रहे नवाचारों को ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज’ के रूप में प्रस्तुत किया। उपस्थित सभी संभागियों ने इन नवाचारों की सराहना की। बैठक में संस्थान में नए प्रयोगों और सुधारों के लिए आए विभिन्न सुझावों पर भी विचार किया गया, जिन्हें जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा।
प्रधानाचार्य काहाल्या ने जुलाई माह में आयोजित होने वाले ‘शाला संबलन’ अभियान के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि जिले की शैक्षणिक रैंकिंग पर कोई विपरीत असर न पड़े।
बैठक में उप प्राचार्य डॉ. बृजबाला शर्मा, प्रभाग अध्यक्ष डॉ. मृदुला तिवारी, तेजपाल जैन, मंजू टाक सहित प्रभारी त्रिभुवन चौबीसा, हरिदत्त शर्मा, गिरीश चौबीसा, कल्पना दीक्षित, सुशील चोर्डिया, अश्विनी पालीवाल, निर्मला कोडिया और चिराग सेनानी सहित कई अधिकारी व संकाय सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी अधिकारी त्रिभुवन चौबीसा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

युवाओं एवं वृद्धजनों का हुआ संवाद
उदयपुर, 15 जून। निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार सदस्य सचिव राजस्थान बोर्ड, युवा एवं खेल विभाग के बैठक 16 से 21 जून 2026 के मध्य युवाओं को वरिष्ठजनों के साथ जोडकर विविध कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को तारा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम केन्द्र में अतिरिक्त जिला एवं  सेशन न्यायाधीश राहुल चैधरी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने की।
कार्यक्रम के आरम्भ में तारा संस्थान के दीपेश मित्तल द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए वृद्धाश्रम केन्द्र की स्थापना एवं देय सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। युवा मामलात विभाग के अधिकारी समीर खान द्वारा कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला और सप्ताह भर के कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि एडीजे राहुल चौधरी द्वारा वरिष्ठजनों के लिये प्रचलित कानूनों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए वरिष्ठजनों से मार्गदर्शन लेने एवं सीखने की बात बतायी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, वृद्धाश्रम केन्द्र, स्वयंसिद्धा आश्रम एवं मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह की जानकारी देते हुए कहा की वरिष्ठजन अनुभव की खान है। हमें उनसे निरन्तर सीखने का प्रयास करना चाहिये। उन्होंने बताया कि वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशील व्यवहार करना चाहिये। आज विश्व बुजुर्ग जागरूकता दिवस भी है इस अवसर पर बुजुर्ग व्यक्तियों के अधिकारों से संबंधित जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। एडीजे राहुल चौधरी द्वारा वृद्धाश्रम केन्द्र का विजिट कर वृद्धजनों से बातचीत कर केंद्र की व्यवस्था को भी देखा। अंत में  सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित पंचोली ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

श्री देवनानी केे प्रोग्राम में आंशिक बदलाव, अब वायुयान से पहुंचेंगे उदयपुर
उदयपुर, 15 जून। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी मंगलवार को उदयपुर आएंगे। पूर्व में श्री देवनानी सड़क मार्ग द्वारा आने वाले थे। कार्यक्रम में आंशिक बदलाव के कारण अब श्री देवनानी सांय 5ः50 बजे वायुयान द्वारा जयपुर से उदयपुर पहुंचेंगे।
श्री देवनानी बुधवार 17 जून को महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में महाराणा प्रताप जंयती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लंेगे तत्पश्चात महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पहुंचकर उदयपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

न्यायमूर्ति श्री एन.वी. अंजारिया मंगलवार को उदयपुर आएंगे
उदयपुर, 15 जून। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री एन.वी. अंजारिया मंगलवार को उदयपुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री अंजारिया सड़क मार्ग द्वारा 7ः30 बजे अहमदाबाद से उदयपुर पहुचेंगे। रात्रि विश्राम उदयपुर में रहेगा। श्री अंजारिया अगले दिन बुधवार को प्रातः 9 बजे पुष्कर के लिए प्रस्थान करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!