उदयपुर हवाई अड्डे पर यात्री सेवा अभियान 2026 का भव्य शुभारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। महाराणा प्रताप हवाई अड्डा डबोक उदयपुर पर यात्री सेवा अभियान का गुरुवार को अत्यंत गरिमामयी और उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विमानपत्तन निदेशक सांवर मल सिंगारिया और एयरपोर्ट पर कार्यरत एयरलाइन्स एवं अन्य एजेंसियों के प्रभरियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके की गई।
इस अवसर पर उपस्थित भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (भाविप्रा), विभिन्न एयरलाइंस और हवाई अड्डे पर कार्यरत अन्य सभी सहयोगी एजेंसियों के कार्मिकों ने राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। शुभारंभ के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस 24 दिवसीय अभियान के मुख्य उद्देश्यों से अवगत कराया गया और यात्रियों की सेवा में पूरी तत्परता एवं मुस्कान के साथ अपने दायित्वों को निभाने के लिए प्रेरित किया गया। हवाई अड्डे पर उतरे यात्रियों का स्वागत पुष्प भेंट कर किया गया, जिससे वे बेहद अभिभूत नजर आए। इसके साथ ही आगमन हॉल में राजस्थानी संस्कृति की जीवंत झलक पेश करते हुए शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसका यात्रियों ने भरपूर आनंद उठाया और सराहना की। यह अभियान हवाई यात्रा को यात्रियों के लिए अधिक सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। मीडिया समन्वयक किशोर सिंह सोलंकी ने बताया कि यात्री सेवा अभियान के भव्य आगाज़ के बाद उदयपुर हवाई अड्डे पर स्वच्छता सहित सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष सफ़ाई अभियान चलाया गया। इस पहल में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (भाविप्रा) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आगे आकर श्रमदान किया। सभी कार्मिकों ने मिलकर प्रचालन/प्रशासनिक परिसर के बाहर स्थित मुख्य सड़क और उसके साथ बनी फ़ुटपाथ की गहन सफ़ाई की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डे के बाहरी हिस्से को यात्रियों के लिए अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वागत योग्य बनाना है। भाविप्रा टीम द्वारा किया गया यह श्रमदान इस  स्वच्छता सहित सेवा अभियान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और स्वच्छता के संकल्प को दर्शाता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!