विद्या भवन पॉलिटेक्निक का वार्षिक समारोह ” नींव” सम्पन्न
उदयपुर , 23 मई, तकनीकी क्षेत्र में नित नए अनुसंधान एवं खोजें हो रही है। ऐसे में युवा वर्ग नवीन दृष्टिकोण तथा उच्च कौशल से ही जीवन में सफलता को प्राप्त कर सकते हैं। देश का युवा अपनी क्षमता, नवाचार और उद्यमिता से समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन लाएं। युवा वर्ग को रोजगार प्राप्तकर्ता होने के स्थान पर रोजगार प्रदाता बनना चाहिए।
यह विचार प्रसिद्ध उद्योगपति तथा उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर कोमल सिंह कोठारी ने विद्या भवन पॉलिटेक्निक के वार्षिक समारोह ” नींव” में व्यक्त किए। कोठारी ने कहा कि आज की वैश्विक अस्थिरता , युद्ध, अशांति के युग में देश के युवा नवाचार और उद्यमशीलता की शक्ति से देश को आत्मनिर्भर बना सकते हैं।
वर्तमान अध्ययनरत विद्यार्थियों के शानदार प्लेसमेंट के हर्ष व उल्लास पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक स्वर में कहा कि उनकी नींव में जिम्मेदार व संवेदनशील नागरिक तथा कुशल व दक्ष इंजीनियर जैसे मूल्य व गुण समाहित हैं । यह नींव उन्हें सदैव एक श्रेष्ठ नागरिक व इंजीनियर के रूप में बनाए रखेगी।
प्राचार्य डॉ अनिल मेहता ने कहा कि पैंतीस से अधिक विद्यार्थी सिक्योर मीटर्स, वाई एम पी एल , जे के टायर जैसी उच्च स्तरीय कंपनियों में चयनित हो चुके हैं । कैम्पस से चयन की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इस शानदार सफलता ने नींव समारोह में उत्साह , प्रेरणा व प्रतिबद्धता के रंग भरे हैं।
सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ अनिल कोठारी ने कहा कि युवा वर्ग किसी भी असफलता पर निराश नहीं हो वरन इसे सफलता की दिशा में बढ़ाया गया एक कदम माने।
असफलता के प्रत्येक क्षण को एक मूल्यवान अनुभव मानना चाहिए ।
प्रसिद्ध शास्त्रीय कला विशेषज्ञ,,नाथद्वारा की मनस्वी व्यास ने अपनी सफलता यात्रा को प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रतिबद्धता, समय पालन, अनुशासन तथा निरंतर अभ्यास व समर्पण से वे एक मुकाम हासिल कर पाई है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्या भवन के मानद सचिव गोपाल बंब,कोषाध्यक्ष रेवती रमन श्रीमाली , शिक्षाविद प्रो अरुण चतुर्वेदी, हरीश माथुर, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी नवीन व्यास, एल्यूमनाई एसोशिएशन के अध्यक्ष जय प्रकाश श्रीमाली, संगीत व कला से जुड़े वीणा लोहार, मूमल खत्री इत्यादि ने भी विचार व्यक्त किए
संचालन प्रकाश सुंदरम, नितिन सनाढ्य तथा सोनू हीरावत ने किया। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई भी दी गई।
