12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026
उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू
उदयपुर, 30 अप्रैल। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन के मद्देनजर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार से 50 दिवसीय काउंटडाउन अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है, जबकि 2 मई 2026 से योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास जिलेभर में आरंभ होगा। इस वर्ष 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मुख्य थीम “स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग” निर्धारित की गई है, जो योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं वैश्विक शांति के संदेश को प्रोत्साहित करती है।
योग नोडल अधिकारी डॉ राजीव भट्ट ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को योग से जोड़ना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की वैज्ञानिक पद्धति है। 50 दिवसीय काउंटडाउन के माध्यम से हम जिले के हर वर्ग तक योग का संदेश पहुंचाने का प्रयास करेंगे।” सहायक नोडल अधिकारी एवं योग समन्वयक डॉ शोभालाल औदीच्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 मई से प्रतिदिन प्रातः 7 से 8 बजे तक जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, ब्लॉक चिकित्सालयों एवं आयुर्वेद औषधालयों में योग प्रोटोकॉल का नियमित पूर्वाभ्यास करवाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल कर हम कई प्रकार की बीमारियों से बच सकते हैं। सभी नागरिक अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।” उन्होंने यह भी बताया कि उदयपुर शहर के सिंधी बाजार स्थित आयुर्वेद औषधालय में योगी अशोक जैन द्वारा विशेष रूप से योग अभ्यास करवाया जाएगा, जहां आमजन बड़ी संख्या में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
सहायक निदेशक डॉ भानु कुमार जैन ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार यह अभियान जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “योग को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी चिकित्सा संस्थानों में नियमित अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे निरोग जीवन की ओर अग्रसर होंगे।” अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम, योग शिविर एवं सामूहिक योग अभ्यास भी आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि अधिकतम नागरिक इस पहल से जुड़ सकें। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी योग केंद्र पर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर योग अभ्यास में भाग लें और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
