बीसीआई टूरिज्म के तीन दिवसीय आयोजन का समापन: आशा मेहंदी ग्रुप सम्मानित, इको टूरिज्म से मेडिकल टूरिज्म तक हुई चर्चा
उदयपुर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर बीसीआई टूरिज्म की ओर से आयोजित तीन दिवसीय आयोजन का रविवार को ऐतिहासिक सहेलियों की बाड़ी में विशेष समारोह के साथ समापन हुआ। पर्यटन, संस्कृति, कला और विरासत को समर्पित इस आयोजन में शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पर्यटकों से जोड़ने के साथ स्थानीय कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बीसीआई टूरिज्म अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि इस अवसर पर तन्वी अब्बासी के आशा मेहंदी ग्रुप की 20 मेहन्दी आर्टिस्ट को पारंपरिक मेहंदी कला के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आशा मेहंदी ग्रुप की ओर से सहेलियों की बाड़ी में आने वाले पर्यटकों के लिए नि:शुल्क मेहंदी लगाई गई। पर्यटकों ने पारंपरिक मेहंदी कला का आनंद लिया और स्थानीय कला एवं संस्कृति से रूबरू हुए।
बीसीआई के फाउंडर एंड चैयरमेन मुकेश माधवानी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस समारोह में इस वर्ष की थीम ‘पर्यटन एवं शांति’ की भावना के अनुरूप पर्यटन के माध्यम से विभिन्न संस्कृतियों, समुदायों और लोगों के बीच जुड़ाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
तीन दिनों में हुए विविध आयोजन
बीसीआई टूरिज्म की ओर से 25 सितंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट विभाग में इको टूरिज्म पर विशेष गेम एवं गतिविधि आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इको टूरिज्म, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन से जुड़े विषयों को समझा।
आयोजन के दूसरे दिन 26 सितंबर को टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट विभाग में ‘मेडिकल टूरिज्म इन उदयपुर: पॉसिबिलिटीज एंड चैलेंजेज’ विषय पर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। इसमें पर्यटन एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने उदयपुर में मेडिकल टूरिज्म की संभावनाओं, चुनौतियों और भविष्य के अवसरों पर विचार साझा किए।
तीसरे दिन 27 सितंबर को सहेलियों की बाड़ी में आयोजित विश्व पर्यटन दिवस समारोह के साथ तीन दिवसीय आयोजन का समापन हुआ। पूरे आयोजन के माध्यम से उदयपुर के पर्यटन के साथ उसकी कला, संस्कृति, विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी, बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी, पर्यटन विभाग उपनिदेशक डॉ. शिखा सक्सेना, संयुक्त निदेशक सुमिता सरोच, उदयपुर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, बीसीआई उत्सव के अध्यक्ष संजीव पटवा, बृजेश चौहान, कुलदीप सोनी, तन्वी अब्बासी एवं बीसीआई सदस्य उपस्थित रहे।
