भीलवाड़ा में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
-मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं, व्रतियों की सुविधा के लिए प्रशासन का भी मिल रहा सहयोग; मानसरोवर झील पर भोजपुरी जगत के दिग्गज कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
भीलवाड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भीलवाड़ा में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति की ओर से शहर के विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समिति की ओर से मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित घाटों पर छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं, ताकि छठ व्रत करने वाली महिलाओं और उनके परिजनों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
घाटों पर साफ-सफाई, पूजा की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर समिति पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। इस आयोजन में प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।
पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया १)कि मानसरोवर झील पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। समिति की ओर से सभी प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समिति का प्रयास है कि पूर्वांचलवासियों और छठ व्रतियों को पूजा के दौरान हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
*वहीं, संस्था अध्यक्ष अरुण राय ने बताया* कि इस वर्ष छठ महापर्व का चार दिवसीय आयोजन 13 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होगी। इस दिन व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर घरों की साफ-सफाई करती हैं और सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेती हैं।
दूसरे दिन 14 नवंबर, शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं और शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद ग्रहण करती हैं।इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
तीसरे दिन 15 नवंबर, रविवार को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ सूप में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल और पूजन सामग्री लेकर छठ घाटों पर पहुंचेंगी तथा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
चौथे और अंतिम दिन 16 नवंबर, सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा और व्रती महिलाएं पारण कर अपना निर्जला व्रत पूर्ण करेंगी।
 
भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी विशेष आकर्षण
इस बार छठ महापर्व के अवसर पर मानसरोवर झील पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। कार्यक्रम में मुख्य गायिका के रूप में *संगीता तिवारी* अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं विशेष गायक कलाकारों में *भोला पांडे, देवेश सिंह कुंदन, पूनम पांडे और नीरज प्रिया साथी* अपनी गायकी से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे।
भोजपुरी गीत-संगीत और पारंपरिक लोक संस्कृति से सजी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छठ महापर्व की सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी। मानसरोवर झील पर आयोजित होने वाला यह सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का कहना है कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, सामाजिक एकता, पारिवारिक परंपरा और लोक संस्कृति का प्रतीक है। सभी के सामूहिक प्रयासों से इस महापर्व को भव्य, श्रद्धापूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!