– 51 महिलाओं के उद्यापन का लक्ष्य, 11 का हुआ पंजीयन
– आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं का समाज की सहायता से होगा उद्यापन
उदयपुर, 27 सितम्बर। राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग की बैठक रविवार को रावजी का हाटा स्थित महासभा भवन में सम्पन्न हुई, जिसमें करवा चौथ के सामूहिक उद्यापन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज द्वारा 51 महिलाओं के सामूहिक उद्यापन का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसमें से 11 महिलाओं का पंजीयन हो चुका है। बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को समाज की सहायता से उद्यापन करने का निर्णय भी लिया गया।
सचिव हितेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता समाज अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने की जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरीराज सिंह भाटी एवं महिला संभाग प्रभारी रेखा चूंडावत मौजूद रहे। बैठक को सम्बोधित करते हुए रेखा चूंडावत ने बताया कि सामूहिक उद्यापन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। आयोजन के लिए अब तक 11 महिलाओं का पंजीयन हो चुका है। आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां एवं तैयारियों पर भी चर्चा की गई। सामूहिक उद्यापन के दौरान पंडित की निश्रा में विधिवत पूजन एवं कथा श्रवण कराया जाएगा। इसके साथ ही सभी महिलाएं सामूहिक रूप से अर्घ्य, पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगी। उद्यापन करने वाली प्रत्येक महिला को समाज की ओर से कलश प्रदान किया जाएगा और प्रत्येक महिला के 14 जोड़ों सहित कुल 50 सदस्यों के भोजन की व्यवस्था भी महासभा भवन में की जाएगी। इस अवसर पर भव्य भजन संध्या का भी आयोजन होगा। महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए बेस्ट कपल अवार्ड, बेस्ट फोटोजेनिक अवार्ड तथा बेस्ट मेहंदी अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे, इन तीनों श्रेणियों में चयन हेतु एक चयन कमेटी भी बनाई जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं का समाज की सहायता से होगा उद्यापन :
अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने बताया कि बैठक में समाज की ओर से एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल भी की गई। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं भी करवा चौथ का उद्यापन कर सकें, इसके लिए संस्थान द्वारा उनकी सहायता कर उद्यापन करवाने की व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से किसी महिला को धार्मिक परंपरा के निर्वहन से वंचित नहीं रहने देना है।
बैठक में मीडिया प्रभारी सुदर्शन सिंह भाटी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय सिंह पंवार, शेर सिंह राठौड़, भंवर सिंह चौहान, उप संगठन सचिव प्रभात सिंह राठौड़, चंद्र सिंह भाटी, नरेन्द्र सिंह राठौड़, ज्ञान सिंह राजावत, अजय सिंह भाटी, भीम सिंह चौहान, दिलीप सिंह पंवार, विजय सिंह राठौड़, सुरेन्द्र सिंह खींची, देहात प्रभारी मंजू राठौड़, उषा रानी भाटी, मनसा कंुवर, मनीषा राठौड़, रेखा राजावत, भानु सौलंकी, प्रेम कुंवर खींची, किरण खींची, गंगा राठौड़, रीना राठौड़ सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को सामूहिक उद्यापन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
करवा चौथ के सामूहिक उद्यापन को लेकर राजपूत महासभा की तैयारियां तेज
