-*मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण से 473 किसान लाभान्वित, विभागीय योजनाओं की जानकारी से 4290 से अधिक किसानों को मिला लाभ*
प्रतापगढ़, 12 नवम्बर। गत दिनों चले विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ के तहत कृषि विभाग द्वारा किसानों तक योजनाओं और कृषि सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की गई। इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा 26 से 28 सितंबर तक गिरदावर सर्किल पर ग्रामीण सेवा शिविर और ब्लॉक लेवल पर 19 से 25 सितम्बर तक आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान–ग्रामीण क्षेत्र’ के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई।
आयुक्त कृषि श्री नरेश कुमार गोयल ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेश में कुल 59,712 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जबकि 4 लाख 64 हजार किसानों को विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी से लाभान्वित किया गया। इससे किसानों को अपनी भूमि की मृदा स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी मिली।
*प्रतापगढ़ जिले की प्रगति*-इसके तहत मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण में जिले में 473 कार्ड वितरित किए गए। वहीं विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी से लाभान्वित किसानों की संख्या जिले में 4290 दर्ज की गई।
*मृदा स्वास्थ्य कार्ड से मिट्टी की सेहत का परीक्षण*
कृषि विभाग द्वारा किसानों को मिट्टी की वास्तविक स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत खेत से मिट्टी का नमूना लेकर वैज्ञानिक विधि से उसकी जांच की जाती है तथा जांच के आधार पर किसान को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जाता है।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड में मिट्टी में उपलब्ध प्रमुख एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की स्थिति के साथ-साथ फसल के अनुसार आवश्यक पोषक तत्वों एवं उर्वरकों की मात्रा की सिफारिश दी जाती है। इससे किसान को यह जानने में मदद मिलती है कि उसके खेत में कौन-से पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में हैं और किन तत्वों की कमी है।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड में नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर, जिंक, आयरन, कॉपर, मैंगनीज, बोरॉन, पीएच, विद्युत चालकता तथा ऑर्गेनिक कार्बन सहित 12 मानकों की जांच की जाती है। जांच के आधार पर उर्वरकों, जैव उर्वरकों, जैविक खाद तथा आवश्यक मृदा सुधारकों के उपयोग के संबंध में सलाह दी जाती है।
*मिट्टी की जरूरत के अनुसार ही खाद का उपयोग*
मृदा स्वास्थ्य कार्ड का उद्देश्य किसानों को बिना आवश्यकता अधिक मात्रा में उर्वरकों के उपयोग से बचाते हुए मिट्टी की आवश्यकता के अनुरूप पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे अनावश्यक उर्वरक खर्च को कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा दीर्घकाल में टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।
