उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन दिया

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आज मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन सौंपा।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि मानगढ़ धाम राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र इन चार राज्यों के आदिवासी समाज की साझा विरासत है। उनकी पावन स्मृति में मानगढ़ धाम को विकसित करने एवं राष्ट्रीय महत्व देने के संबंध में वर्ष 2022 में बांसवाड़ा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र की राज्य सरकारों से इस पवित्र धाम को विकसित एवं राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा था, लेकिन अत्यंत खेद एवं चिंता का विषय है कि आज तक राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र की राज्य सरकारों ने इस सम्बन्ध में कोई ठोस कदम भी नहीं उठाया है और यह भी कहा कि मानगढ़ धाम राष्ट्रीय स्मारक बनने की योग्यता ही नहीं रखता है। इन राज्य सरकारों का यह रवैया आदिवासी समाज ही नहीं बल्कि प्रत्येक न्यायप्रिय नागरिक की भावनाओ को ठेस पहुंचाने जैसा है। आज के दिन हम सभी राज्य सरकार से मांग करते है कि केंद्र सरकार को मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने एवं धाम को विकसित करने का प्रस्ताव बनाकर भेजे। हाल ही में लोकसभा में नागौर लोकसभा सांसद श्री हनुमान बेनीवाल एवं उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत द्वारा मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के संबंध में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के पास अभी मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की कोई योजना नहीं है। और इन राज्य सरकारों की तरफ से कोई प्रस्ताव भी नहीं आया है। केंद्र ​सरकार के इस जवाब से संपूर्ण आदिवासी समाज एवं देश के न्यायप्रिय नागरिकों में भारी निराशा, रोष एवं असंतोष व्याप्त हुआ है। यह निर्णय आदिवासी समुदाय की वर्षों पुरानी आस्था, बलिदान और न्यायसंगत मांग की उपेक्षा को दर्शाता है। भाजपा आदिवासी समाज के साथ छलावा कर उन्हें भ्रमित कर रही है।
इसी को लेकर मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने की मांग को लेकर आज उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन देने वाले में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, डॉ मांगी लाल गरासिया, लक्ष्मी लाल सोनी, सुरेश सोलंकी, शिव शंकर मेनारिया, ओम प्रकाश गमेती, संदीप मीणा सहित कई पदाधिकारी एवम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!