महिलाओं में कैंसर जागरूकता को लेकर हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान और रोकथाम पर विशेषज्ञों ने दिया जोर

उदयपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से होटल रघु महल, उदयपुर में विशेष हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केडी हॉस्पिटल, अहमदाबाद के सहयोग से बिजनेस सर्किल इंटरनेशनल (बीसीआई) एवं फिनब्रेला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं एपिलेप्सी जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तार से जानकारी साझा की और लोगों को समय पर जांच, सही उपचार तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डॉ. कुश शाह, कंसल्टेंट–सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी ने ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस विषय पर जानकारी देते हुए महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने बीमारी की समय पर पहचान और उचित चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर जोर दिया। वहीं डॉ. निष्ठा त्रिपाठी, कंसल्टेंट–गाइनीको-ऑन्कोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी ने सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस विषय पर जानकारी साझा करते हुए नियमित स्क्रीनिंग, शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता को समझाया। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और नियमित जांच को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

इसी क्रम में डॉ. ऋषभ शाह, कंसल्टेंट–फंक्शनल न्यूरोसर्जरी ने ‘एपिलेप्सी–मिथ्स, फैक्ट्स एंड ट्रीटमेंट’ विषय पर जानकारी देते हुए मिर्गी को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने एपिलेप्सी के सही उपचार और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से बीमारी को लेकर किसी भी तरह की गलत धारणा के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।

इस अवसर पर बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव जागरूक परिवारों से बनती है। महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बीसीआई का उद्देश्य केवल बिजनेस नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के लिए उपयोगी एवं जागरूकता बढ़ाने वाली पहल करना भी है।” उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता और समय पर जांच को जन-जागरूकता के बड़े अभियान का रूप देने की आवश्यकता है।

बीसीआई एजुकेशन सेक्रेटरी पूनम राठौड़ ने कहा कि महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। सही जानकारी और समय पर जांच कई गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर महिला अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक और आत्मनिर्भर बने। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम के फिनब्रेला के एमडी देवेन्द्र सिंह करीर ने कहा कि कैंसर से डरने के बजाय उसके प्रति जागरूक होना जरूरी है। समय पर पहचान, नियमित स्क्रीनिंग और उचित चिकित्सकीय सलाह से बीमारी के उपचार की संभावनाओं को बेहतर किया जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं उपस्थित लोगों को कैंसर सहित अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से समय पर परामर्श लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में केडी हॉस्पिटल, अहमदाबाद, बिजनेस सर्किल इंटरनेशनल (बीसीआई) एवं फिनब्रेला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!