ऐतिहासिक रहा 12वां छप्पन भोग, 108 गौशालाओं की श्रृंखला में अशोकनगर मोक्षधाम गौशाला में हुआ भव्य आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 13 जून। विश्व इतिहास में पहली बार आयोजित की जा रही 108 गौशालाओं में छप्पन भोग सेवा श्रृंखला का 12वां छप्पन भोग शुक्रवार को अशोकनगर मोक्षधाम स्थित गौशाला में श्रद्धा, आस्था और गौभक्ति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष स्वीटी जैन ने बताया कि यह आयोजन गौसेवा, जीवदया और सामाजिक संवेदनाओं को समर्पित है। कार्यक्रम में देशभर से कई प्रतिष्ठित समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें बाल कक्षा विशेष आचार्य एवं जैन सिद्धांत महाविद्यालय मुमुक्षु आश्रम, कोटा से आदित्य जैन, कोटा से प्रमुख समाजसेवी नपेंद्र जैन, उदयपुर के समाजसेवी अभय बांडी तथा उपाचार्य श्री टोडरमल दिगंबर जैन सिद्धांत महाविद्यालय, जयपुर से जिन कुमार जैन प्रमुख रहे।
समाजसेवी अभय बांडी ने इस सेवा प्रकल्प के लिए ₹5100 का सहयोग प्रदान किया। वहीं महावीर इंटरनेशनल से जुड़े रविंद्र सुराणा एवं सुरेश बड़ी ने जीवदया का परिचय देते हुए 100 गौमाता के पात्रों के लिए ₹11,000 सहयोग देने की घोषणा की।
इस बार के छप्पन भोग के लाभार्थी खुमानचंद जी एवं संपत जी पोखरना (हिरणमगरी सेक्टर-4) रहे। यह आयोजन संपत जैन की माताजी स्वर्गीय नारायणी बाई की स्मृति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी प्रियजन को सच्ची श्रद्धांजलि देनी हो तो गौसेवा और जीवदया जैसे कार्यों से बेहतर कोई माध्यम नहीं हो सकता।
कार्यक्रम के दौरान माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष कविता बलदेवा को 108 गौशालाओं में चल रहे इस सेवा प्रकल्प की प्रधान सेविका नियुक्त किया गया। इससे पूर्व एडवोकेट निर्मल पंडित को इस प्रकल्प का प्रधान सेवक नियुक्त किया जा चुका है। कविता बलदेवा ने कहा कि मोक्षधाम और गौसेवा जैसे प्रकल्प केवल उदयपुर ही नहीं, बल्कि देश के हर शहर में संचालित होने चाहिए और माहेश्वरी महिला मंडल इसके लिए हर संभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में दो नई गौशालाओं में छप्पन भोग आयोजन की घोषणा भी की गई। भारतीय किसान मोर्चा के महामंत्री सुरेश वैष्णव ने एक गौशाला में छप्पन भोग कराने की घोषणा की, वहीं रेखा मोगरा ने अपनी संस्था सवाई जन रेखा मोगरा चौरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से मावली गौशाला में छप्पन भोग आयोजित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर आगामी आयोजन की जानकारी देते हुए बताया गया कि श्रृंखला का सबसे बड़ा आयोजन श्रीनाथजी गौशाला, नाथद्वारा में जुलाई माह में होगा, जहां लगभग 4000 से अधिक गौमाताओं को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त सनातन समाज से इस आयोजन में सहयोग और सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम के सूत्रधार खुमानचंद जी पोखरना रहे। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि पुण्यात्माओं की स्मृति में गौसेवा एवं जीवदया के कार्यों को बढ़ावा दिया जाए।
छप्पन भोग तैयार करने वाली गौसेवकों की टीम में अमित भास्कर, दक्ष जैन, तनिष्क जैन, वेदिका जैन, लता, आदित्य, गजेंद्र सिंह, हेमंत गर्ग, तरुण जी, अर्जुनदान चारण, गोपालदान चारण सहित समस्त गौभक्तों का विशेष योगदान रहा।
अंत में ट्रस्ट के संस्थापक संजय जैन ने अशोकनगर मोक्षधाम गौशाला के सभी ट्रस्टियों, अध्यक्ष, व्यवस्थापक अनिल मेहता, समस्त ग्वालों, स्टाफ एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!