उदयपुर, 5 अक्टूबर। राज्य सरकार द्वारा शहरी नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान 2026 का आयोजन 7 से 16 अक्टूबर तक उदयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में किया जाएगा। अभियान के दौरान आमजन आवश्यक कार्यों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उदयपुर विकास प्राधिकरण सचिव ने बताया कि अभियान के दौरान भू-रूपान्तरण-90-ए, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज-डीड एवं पट्टा जारी करने, फ्री-होल्ड पट्टा, भवन निर्माण अनुज्ञा, उप-विभाजन एवं एकीकरण, नामान्तरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा बकाया लीज जमा कराने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्राधिकरण की भूमि से अतिक्रमण हटाने, विभिन्न आवासीय योजनाओं में आवंटन एवं नीलामी, सफाई व्यवस्था में सुधार, ब्लॉक स्पॉट समाप्त करने, नई स्ट्रीट लाइट लगाने एवं बंद लाइटों को चालू करने तथा सड़क मरम्मत से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विभिन्न सार्वजनिक स्थलों जैसे पार्क, बस स्टैंड एवं सामुदायिक केन्द्रों में रखरखाव के कार्य तथा विभिन्न आवासीय योजनाओं में निर्मित ईडल्यूएस/एलआईजी/एमआईजी फ्लैट्स का ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों को आवंटन और आवंटित फ्लैट्स के कब्जा-पत्र जारी करने की कार्रवाई भी अभियान के दौरान की जाएगी।
सेवा सेतु अभियान 2026: UDA कार्यालय में 7 से 16 अक्टूबर तक लगेगा शिविर
