गांधी ग्राउंड में 20 अक्टूबर को मनेगा भव्य दशहरा महोत्सव, निमंत्रण कार्ड का विमोचन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर । बिलौचिस्तान पंचायत एवं श्री सनातन धर्म सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर  श्री सनातन मंदिर, शक्ति नगर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोहन  तलरेजा ने की। बैठक में गांधी ग्राउंड में अगामी 20 अक्टूबर दशहरा उत्सव को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
श्री सनातन धर्म सेवा समिति के संयोजक  हेमंत गखरेजा ने बताया कि दशहरा आयोजन से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां टीम के सदस्यों को उनकी भूमिका एवं कार्यक्षमता के अनुसार सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन को और व्यापक स्वरूप देने के लिए सभी सदस्यों से सुझाव लिए जा रहे हैं तथा कार्यक्रम में कई नए आकर्षण भी शामिल किए जा रहे हैं, पदाधिकारी व कार्यकर्ता  द्वारा निमंत्रण कर्ड का  विमोचन भी किया गया।
  समिति के सह-संयोजक मनीष डेम्बला ने बताया कि इस वर्ष दशहरा पर्व की शोभायात्रा में अधिक संख्या में आकर्षक झांकियां शामिल करने के साथ-साथ कुछ नई एवं विशेष झांकियां भी जोड़ी जा रही हैं। इसके लिए पुणे एवं दिल्ली की इवेंट टीमों से चर्चा चल रही है तथा अंतिम स्तर पर बातचीत जारी है। नई झांकियों के शामिल होने से भगवान श्रीराम की दशहरा पर्व की भव्य रैली को और अधिक आकर्षक एवं मनोरम स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
पंचायत के उपाध्यक्ष  मनोज  कटारिया ने बताया कि इस वर्ष रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों को पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक बड़ा, भव्य एवं आकर्षक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज के सभी परिवारों एवं संगठनों से अपनी-अपनी झांकियां तैयार कर दशहरा शोभायात्रा में सम्मिलित करने का आग्रह पत्र के माध्यम से किया जा चुका है, ताकि भगवान श्रीराम की दशहरा पर्व की विजय यात्रा को और भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।
पंचायत के महासचिव  विजय  आहूजा ने कहा कि दशहरा आयोजन समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर अपनी संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने, अधिक से अधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवाओं को आयोजन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं प्रयासों से इस वर्ष का दशहरा समारोह निश्चित रूप से पिछले वर्षों से अधिक भव्य एवं यादगार बनाया जाएगा।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, झांकियों, पुतलों, शोभायात्रा, सुरक्षा व्यवस्था, आतिशबाजी तथा अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक सुझाव एवं विचार साझा किए गए। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
बैठक में  विजय कस्तूरी,  कमल तलरेजा,  अमित खतुरिया,  जय सपरा,  जय कस्तूरी,  मनीष चुग,  हरीश भाटिया, मयंक कस्तूरी,  होलाराम ,  प्रेम  तलरेजा सहित समिति एवं पंचायत के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर इस वर्ष के दशहरा महोत्सव को भव्य, आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं यादगार आयोजन बनाने का संकल्प लिया तथा समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!