योग दिवस के प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित

उदयपुर, 20 मई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास बुधवार को शोभागपुरा स्थित समग्रम इको पिरामिड में आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 70 से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लेकर योग, आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
प्रातः 6ः15 बजे से 9 बजे तक चले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने प्रकृति के पंच तत्वों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए योग साधना का अनुभव लिया। परिसर में निर्मित विशेष स्वीमिंग पूल में जल योग का अलग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें जल में विभिन्न आसनों के साथ शवासन का अभ्यास कराया गया।
सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. भानु कुमार जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम शुरू हुआ तथा यह आयोजन बुधवार को 32 दिन शेष रहेने पर किया गया। उन्होंने बताया कि 21 जून तक जिले के विभिन्न ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों पर योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास निरंतर आयोजित किया जाएगा।
योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने कहा कि जन-जन को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज का निर्माण करना ही इस अभियान का उद्देश्य है। योग एवं प्राकृतिक चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम खराड़ी ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग” रखी गई है।
कार्यक्रम में डॉ. संजय माहेश्वरी के निर्देशन में योगी अशोक जैन एवं योगाचार्य पूरण सिंह राठौड़ ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, सेतुबंध आसन, उष्ट्रासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाया।समग्रम संस्थान के संस्थापक एवं भारतीय वन सेवा से सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. एन.सी. जैन ने आध्यात्मिक संगीतमय वातावरण में ध्यान सत्र का संचालन किया। उन्होंने बताया कि समग्रम इको पिरामिड को पंचतत्व संतुलन चिकित्सा के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

कार्यक्रम में योग एवं प्राकृतिक महाविद्यालय, पतंजलि योग समिति, परिवार क्रीड़ा भारती, पाहेर विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विप्र फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव योग एवं आयुर्वेद सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद, आरोग्य विहार धाम एवं मांझी का मंदिर सेवा संस्थान सहित विभिन्न संगठनों की सहभागिता रही। इस अवसर पर नरेश पालीवाल, जी.एल. चित्तारा, मनोहर सिंह राठौड़, एच.पी. जिंदल, मदनलाल सिंघवी, विमला सिंह, महेंद्र शर्मा, दलपत बातरा, सरला जोशी, युवांश सिंह, मैना जैन सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!