उदयपुर। उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के 76वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्लैटिनम जुबली हेल्थ एवं टैक्स सेमिनार में स्वास्थय, कार्य तनाव प्रबंधन और कर नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने उपयोगी मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर 50 एवं 25 वर्ष की सदस्यता पूर्ण करने वाले वरिष्ठ टैक्स प्रोफेशनल्स का भव्य सम्मान भी किया गया।
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि आज के अत्यधिक प्रतिस्पर्धी दौर में प्रोफेशनल्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती काम के दबाव के बीच अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थय को संतुलित बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही कुशल और सक्रिय मस्तिष्क का निवास होता है। वर्क स्ट्रेस मैनेजमेंट के साथ सही कर नियोजन ही किसी भी प्रोफेशनल की वास्तविक सफलता का आधार है।”
कार्यक्रम के प्रारंभ में एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दीपक एरन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर सदस्यता के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले रोशनलाल कुनावत, तेजकरण बोहरा एवं भीमसेन शर्मा तथा 25 वर्ष पूर्ण करने वाले किशोर कुमार पहुजा का सम्मान किया गया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी सम्मानित सदस्यों को स्मृति चिन्ह, पगड़ी और उपरना भेंट कर अभिनंदित किया।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों का अनुभव, समर्पण और संस्था के प्रति उनकी निष्ठा युवा टैक्स प्रोफेशनल्स के लिए प्रेरणास्रोत है तथा आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करती रहेगी।
विशिष्ट अतिथि एसआरजी ग्रुप के विनोद जैन ने कर विशेषज्ञों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी व्यवसाय की विकास यात्रा में टैक्स प्रोफेशनल्स का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
तकनीकी सत्र में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश पटेल ने “हार्ट केयर एवं वर्क स्ट्रेस मैनेजमेंट” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि लंबे समय तक बैठकर काम करना, शारीरिक निष्क्रियता और अत्यधिक मानसिक तनाव आज हार्ट अटैक के प्रमुख कारण बन चुके हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, समय-समय पर छोटे ब्रेक लेने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
एसोसिएशन के सचिव हातिम कंकरोलीवाला ने बताया कि प्रथम तकनीकी सत्र में सीए निखिल मेहता ने आयकर के नवीनतम प्रावधानों एवं कानूनी जटिलताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सत्र को रोचक बनाने के लिए उन्होंने टैक्स क्विज का भी आयोजन किया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन सह सचिव एवं कोषाध्यक्ष सीए अंकित जैन ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सीए वी.सी. व्यास, सीए सुरेश अजमेरा, सीए अरविंद शाह, सीए देवेन्द्र पुंजावत, सीए सी.एस. नेनावटी, सीए एच.एस. नेनावटी, सीए अमित तिवारी, सीए सुधीर मेहता सहित बड़ी संख्या में टैक्स प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।
सेमिनार ने स्वास्थय जागरूकता और कर विशेषज्ञता के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रोफेशनल्स को संतुलित एवं सफल जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
वर्क स्ट्रेस मैनेजमेंट के साथ सही कर नियोजन ही प्रोफेशनल्स की असली सफलताः जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल
