उदयपुर। उदयपुर के प्रतिष्ठित साहित्यकार परितोष चन्द्र दुगड़ ने अपनी नवीनतम पुस्तक लिव्स ऑफ लाइफ ए कलेक्शन ऑफ फ्लेश फिक्शन की एक प्रति कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को बेंगलुरु स्थित राजभवन में भेंट कर अपनी साहित्यिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
भेंट के दौरान दुगड़ ने राज्यपाल को पुस्तक की विषयवस्तु और उसकी साहित्यिक विशेषताओं से अवगत कराया। 121 फ्लैश फिक्शन (अति लघु कथाओं) के इस संग्रह में मानवीय संबंधों, मानव स्वभाव, नैतिक मूल्यों, जीवन संघर्षों और दैनिक अनुभवों को अत्यंत संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली कथानकों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक जीवन की विविध संवेदनाओं को सहज भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है।
लेखक ने बताया कि यह पुस्तक युवा से लेकर वरिष्ठ आयु वर्ग तक के पाठकों के लिए समान रूप से रोचक एवं प्रेरणादायक है। साथ ही यह एक ऐसी साहित्यिक कृति है जिसे उपहार स्वरूप भी भेंट किया जा सकता है।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने पुस्तक और लेखक के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए फ्लैश फिक्शन जैसी सृजनात्मक विधा को समृद्ध बनाने में उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने पुस्तक की सफलता तथा भविष्य में और उत्कृष्ट साहित्य सृजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
परितोष चन्द्र दुगड़ ने बताया कि पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण शांतिनिकेतन लिटरेचर फेस्टिवल, पश्चिम बंगाल में किया जाएगा। इसके अलावा जुलाई माह में उदयपुर में भी पुस्तक का प्रथम लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। उदयपुर के साहित्यिक जगत के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय मानी जा रही है, जिसने एक बार फिर शहर की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है।
उदयपुर के साहित्यकार परितोष दुगड़ की कृति को राजभवन में मिला सम्मान, राज्यपाल थावरचंद गहलोत को भेंट की पुस्तक
