मुखर्जी चौक सब्जी मंडी में शुरू की पार्किंग, चारपहिया 10 व दुपहिया 5 रुपए प्रतिघंटा शुल्क

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। नगर निगम द्वारा शहर मध्य स्थित मुखर्जी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पार्किंग व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। इस नई व्यवस्था से सिंधी बाजार, बड़ा बाजार, भडभूजा घाटी एवं मुखर्जी चौक सब्जी मंडी में आने वाले ग्राहकों तथा आमजन को काफी सुविधा मिलने लगी है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जनहित को ध्यान में रखते हुए मुखर्जी चौक सब्जी मंडी के मुख्य मार्ग पर बैठने वाले सभी सब्जी विक्रेताओं को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मंडी परिसर के भीतर स्थानांतरित किया गया था। इससे मुख्य मार्ग पर होने वाली भीड़, यातायात अवरोध तथा वहां प्रतिदिन होने वाली अव्यवस्था में कमी आई है। अब मंडी के बाहर उपलब्ध हुए स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए नगर निगम ने अपने स्वयं के स्तर पर पार्किंग व्यवस्था प्रारंभ की है। आयुक्त ने कहा कि शहर को व्यवस्थित, सुगम एवं आमजन के लिए सुविधाजनक बनाना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। पार्किंग व्यवस्था शुरू होने से बाजार क्षेत्र में आने वाले वाहन अब व्यवस्थित रूप से खड़े हो सकेंगे, जिससे यातायात सुचारु रहेगा तथा स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को लाभ मिलेगा। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार निगम द्वारा पार्किंग के लिए निर्धारित शुल्क भी न्यूनतम  ही तय किया है। निगम द्वारा चार पहिया वाहन के लिए 10 रुपये प्रति घंटा तथा दोपहिया वाहन के लिए 5 रुपये प्रति घंटा शुल्क रखा गया है। यह व्यवस्था बाजार क्षेत्र में अनावश्यक वाहन खड़े होने पर नियंत्रण रखने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी। इस पूरी व्यवस्था हेतु निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। आयुक्त ने सभी शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि नागरिकों के सहयोग से ऐसी व्यवस्थाएं भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लागू की जाएगी जिससे उदयपुर की यातायात एवं बाजार व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित बन सके। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना बताया कि शहर में कई देशी एवं विदेशी पर्यटक भी ओल्ड सिटी पारंपरिक संस्कृति को देखने पहुंचते हैं। अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था एवं अव्यवस्थित बाजार को देखकर वे शहर की नकारात्मक छवि लेकर जाते हैं जिससे उदयपुर की साख में कमी आती है। अतः सभी शहरवासियों का यह दायित्व है कि शहर को सुव्यवस्थित बनाए रखने में निगम द्वारा की जा रही कवायद में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!