मीरा कन्या कॉलेज उदयपुर में ‘लोकरंग’ चित्रकला कार्यशाला का आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 7 अक्टूबर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उच्च शिक्षा राजस्थान की स्थानीय इकाई राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय एवं संस्कार भारती, महानगर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला विभाग के सहयोग से पूर्व लोक मंथन कार्यक्रम के तहत ‘लोकरंग’ चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय की लगभग 40 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने राजस्थान की लोक संस्कृति के साथ-साथ मेवाड़ की सांस्कृतिक परंपराओं से संबंधित विषयों पर अपनी अनुभूतियों को चित्रों के माध्यम से उकेरा।
कार्यशाला में छात्राओं ने गवरी, मांडना, गणगौर, मेवाड़ का शौर्य एवं बलिदान, लोक परंपराओं, तीज-त्योहार तथा लोक देवताओं सहित विभिन्न विषयों का मौलिक रूप में चित्रण किया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर अंजना गौतम ने छात्राओं द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति एवं स्थानीय परिवेश में संचालित हो रही सांस्कृतिक गतिविधियों को जानने का अवसर मिलता है।
इकाई सचिव प्रहलाद धाकड़ ने बताया कि कार्यशाला में सीमा नागदा, तन्वी सेन, खुशी सोनी, फिरदौस बानो, दिव्या तेली एवं अफसा शेख द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का श्रेष्ठ पांच में चयन हुआ। इस अवसर पर एबीआरएसएम उच्च शिक्षा राजस्थान एवं संस्कार भारती महानगर इकाई के दायित्ववान पदाधिकारी एवं सदस्य तथा महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!