उदयपुर। जिले के ऋषभदेव कस्बे में बाइक पार्किंग को लेकर कहासुनी होने के बाद बदमाशों ने व्यापारी व उसके बेटे पर जानलेवा हमला किया। गंभीर घायल व्यापारी को प्राथमिक उपचार के बाद अहमदाबाद ले जाया गया है। हमलावरों ने हथौडों से हमला किया। पुलिस के अनुसार हमले में व्यापारी कन्हैयालाल पंचाल व उसके बेटे विजय पंचाल घायल हुए। घायल विजय ने बताया कि उसके पिता कन्हैयालाल अपनी स्कूटी पर बाजार गए थे जहां रास्ते में कुछ युवकों ने अपनी बाइक बीच सडक पर खडी कर रखी थी। कन्हैयालाल ने बाइक साइड में करने को कहा तो युवक भडक गए और उन्हें धमकियां देने लगा। तब कन्हैयालाल वहां से अपनी दुकान पर लौट आए। विजय ने बताया कि उनका पीछा करते हुए युवक दुकान पहुंचा और गाली गलौज करते हुए अपने साथियों को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर हथौडों से कन्हैयालाल पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने गए विजय पर हमला किया। इस बीच एक आरोपी ने बाइक से उसे कुचलने का भी प्रयास किया। शोर शराबा सुन कर आसपास के अन्य व्यापारी दौडे तो हमलावर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। हमले की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। विजय ने पुलिस को दी रिपोर्ट में हमला करने वालों में भूदर और कानूवाडा के श्रीपाल, दीपक मीणा व उनके साथियों के खिलाफ हमला करने का आरोप लगाया। उधर, गंभीर घायल कन्हैयालाल को स्थानीय चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद अहमदाबाद रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी और बाइक नंबर के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड लिया जाएगा।
ऋषभदेव में व्यापारी व उसके बेटे पर बदमाशों ने किया हमला
