अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर 32 किशोरियों ने किया सरकारी संस्थानों का भ्रमण

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
 
फतहनगर/मावली। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर विकल्प संस्थान, उदयपुर की ओर से मावली ब्लॉक क्षेत्र की 32 किशोरियों के लिए एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के तहत किशोरियों ने खण्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खण्ड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय तथा फतेहनगर पुलिस थाने का भ्रमण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उन्हें सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य के अवसरों की जानकारी दी।
शिक्षा और रोजगार के अवसरों से कराया परिचित
खण्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के भ्रमण के दौरान किशोरियों को शिक्षा के महत्व, उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति किया जागरूक
खण्ड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में किशोरियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, आवश्यकतानुसार चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त करने के महत्व पर चर्चा की गई।
पुलिस थाने में जानी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया
फतेहनगर पुलिस थाने के भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने किशोरियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और प्राथमिकी (एफआईआर) के संबंध में जानकारी दी। किशोरियों ने थाना परिसर में क्राइम रूम, कंप्यूटर कक्ष, थानाधिकारी कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
पुलिस अधिकारियों ने किशोरियों को बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा अथवा असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर चुप रहने के बजाय किसी विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित अधिकारी से सहायता लेनी चाहिए। उन्हें आपातकालीन सहायता नंबर 112 तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही पुलिस सेवा में करियर बनाने की इच्छुक किशोरियों को भर्ती प्रक्रिया और तैयारी से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी दी गई।
अधिकारों के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल
इस एक्सपोजर विजिट के माध्यम से किशोरियों को सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली को करीब से समझने, अधिकारियों से संवाद करने और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और करियर संबंधी अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विकल्प संस्थान की ओर से रीना, योगेश्वरी एवं दिव्या उपस्थित रहीं। संस्थान की यह पहल बालिकाओं को जागरूक, शिक्षित, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं लेने में सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!