प्रतीक जैन
खेरवाड़ा, रानी रोड संगम कॉम्प्लेक्स में स्थित तिरुपति बालाजी इंटरप्राइजेज, रियल नमकीन का होलसेल एवं कोल्ड स्टोरेज का व्यापार करने वाले आडीवली निवासी जयपाल लबाना पुत्र मोहन लाल लबाना की दुकान में शनिवार देर रात 11:30 बजे के बाद शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया की दुकान का फर्नीचर, नमकीन संबंधित सामान, कोल्ड स्टोरेज के दो कंप्रेसर सहित सारा जलकर खाक हो गया। क्योंकि 14 को धूलंडी एवं 15 को साप्ताहिक अवकाश होने से दुकान बंद थी। दुकान के ऊपर रह रहे किराए द्वारा दुकान मालिक को सूचना दी गई। आग लगते ही आसपास के कई लोग इकट्ठा हो गए। डूंगरपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मंगाई गई। सूचना मिलने पर थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड के निर्देशन में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड,पड़ोसियों एवं ग्रामीणों की मदद से करीब रात 2:30 बजे तक आग पर काबू पाया। तब तक दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। गनीमत यह रही कि पास ही में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का बड़ा शोरूम था वहां तक आग नहीं पहुंच पाने से आसपास के दुकान वालों को भी राहत पहुंची अन्यथा बहुत बड़ी आगजनी एवं आर्थिक नुकसान हो सकता था। व्यापारी लबाना ने दुकान में लगे फर्नीचर, नमकीन आदि का स्टॉक, नगद रुपए एवं कोल्ड रूम स्टोरेज की मशीनरी सहित 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होना बताया।
