उदयपुर, 5 सितंबर। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच स्नेह, सम्मान एवं विश्वास के रिश्ते को समर्पित शिक्षक दिवस के अवसर पर पीएफसी एजुकेशन इंस्टीट्यूट में हर्षाेल्लास के साथ भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह में पीएफसी एजुकेशन की निदेशक एवं शिक्षिका मीनाक्षी भेरवानी मैम ने विद्यार्थियों को उनके करियर एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पीएफसी एजुकेशन के नए एंथम का लॉन्च रहा। एंथम में संस्थान से जुड़े 9 विद्यार्थियों की प्रेरणादायक कहानियों को प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों को एंथम के माध्यम से प्रभावी ढंग से दर्शाया गया, जिसे सभी ने सराहा।
आगामी एसीसीए परीक्षाओं को लेकर भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। सोमवार से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने तथा अपनी मेहनत पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों ने डांस, म्यूजिक, मिमिक्री और कविता सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। कई विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए उनके मार्गदर्शन, सहयोग और निरंतर समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न मनोरंजक गेम्स एवं गतिविधियों में भाग लिया। हंसी-खुशी से भरे इन पलों ने पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
समारोह के अंत में सभी के लिए रिफ्रेशमेंट्स की व्यवस्था की गई। शिक्षक दिवस का यह आयोजन पीएफसी एजुकेशन में शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच मजबूत रिश्ते, आपसी जुड़ाव और सम्मान की भावना को दर्शाने वाला रहा। पीएफसी एजुकेशन परिवार ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
पीएफसी एजुकेशन में शिक्षक दिवस की धूम, विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से जीता दिल
