उदयपुर। नगर निगम चुनाव के प्रचार प्रसार के बीच शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शाम को उदयपुर पहुंचे और चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान पूरे जिले भर से बडी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उमडे और रोड शो में हिस्सा लिया। रोड शो की तैयारियों को लेकर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड बीते दो तीन दिन से उदयपुर में डेरा डाले हुए व्यवस्थाएं संभाले हुए थे। रोड शो को सफल बनाने के लिए पार्टी द्वारा जिले भर में पार्टी पदाधिकारियों को अधिकाधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को लाने का आहृवान किया गया था। इसके चलते शहर में संभावित भीड को देखते हुए प्रशासन शनिवार को सुबह से ही मुख्यालय पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सजग और सतर्क रहते हुए तैयारियों में जुटा रहा। शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की आशंकाओं को देखते हुए यातायात डायवर्ट किया गया ताकि रोड शो के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। शाम को तय समय पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा उदयपुर पहुंचे जहां पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर वासियों को नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी दिलाकर बोर्ड बनाने में सहयोग की अपील की। रोड शो में सीएम शर्मा के साथ प्रदेश के जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराडी, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, राजेंद्रसिंह राठौड, सह प्रभारी नारायण पंचारिया, संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, संभागीय संयोजक नानालाल वया, चुनाव संयोजक रजनी डांगी, मंडल अध्यक्ष विजय आहूजा व अन्य पदाधिकारी भी रहे। रोड शो से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं वहां उपस्थित जनता का अभिवादन स्वीकार किया। जनता का अभिवादन कर मुख्यमंत्री रथ पर सवार होकर सूरजपोल से मध्य बापू बाजार होते हुए बैंक तिराहे पर पहुंचे जहाँ रथ से ही उपस्थित जनता कार्यकर्ता एवं पार्षद प्रत्याशियों को संबोधित करते हुये “विकसित भारत, विकसित राजस्थान और विकसित उदयपुर” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों से जो कार्य नहीं हो पाए, उन्हें धरातल पर उतारने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है, लेकिन विकास की इस गति को और तेज करने के लिए निकायों में भी भाजपा की सरकार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों को धरातल पर तेजी से उतारने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि वन स्टेट, वन इलेक्शन तुम्हारे काकाजी भी नहीं करवा सकते, लेकिन आज वही व्यवस्था होते हुए सभी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती है। मुख्यमंत्री शर्मा ने उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उदयपुर राजस्थान का कश्मीर है। उदयपुर को पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में और अधिक सुंदर तथा विकसित बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि उदयपुर की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत हो, इसके लिए पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सीएम भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में किया रोड शो, उमडे भाजपा कार्यकर्ता
