समाज सुधार और युवा दिशा पर होगा ऐतिहासिक मंथन, आदिवासी संघ का 60वाँ स्थापना दिवस 22 को

28 अहम मुद्दों पर होगी चर्चा, समाजहित में एकजुट होने का आह्वान

उदयपुर। राजस्थान आदिवासी संघ का 60वाँ स्थापना दिवस समारोह 22 मई को पगलियाजी मंदिर, केशरियाजी (ऋषभदेव) में प्रातः 10 बजे आयोजित किया जाएगा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष भूपतसिंह भगोरा ने बताया कि समारोह में समाज के वर्तमान एवं पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान, सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, प्रबुद्धजन, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, पंच-पटेल, मेट, कोटवाल, साधु-संत, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाजहित में सार्थक सुझाव देने और एकजुटता के साथ विकास की दिशा तय करने का आह्वान किया।
समारोह में समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े 28 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेष रूप से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़ते फिजूलखर्च पर नियंत्रण, समाज में जनजागृति और एकरूपता लाने के लिए प्रभावी नियम बनाने पर चर्चा होगी।
इसके साथ ही समाज में बढ़ती आत्महत्याओं, हत्याओं और झूठे आपराधिक मामलोंकृजैसे अपहरण, बलात्कार एवं दहेज प्रकरणकृपर चिंता व्यक्त करते हुए समाधान खोजने पर मंथन किया जाएगा।
युवा पीढ़ी में बढ़ती दिशाहीनता, सामाजिक मूल्यों से दूर होती सोच और मान-मर्यादाओं में गिरावट को लेकर भी सम्मेलन में गंभीर चर्चा होगी। युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर समाज निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
सम्मेलन में गिरते शैक्षणिक स्तर को सुधारने तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी ठोस रणनीति पर विचार किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!