उदयपुर, 24 मई। शहर के अशोक नगर मेन रोड स्थित बाटा शोरूम के पास कथा स्थल पर पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 25 मई से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन प्रारंभ होने जा रहा है। तीन वर्षों में एक बार आने वाले इस पुण्यदायी अधिक मास को लेकर श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कथा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कथा में व्यासपीठ से प्रसिद्ध कथाव्यास पूज्य श्री पुष्कर दास महाराज अपनी मधुर वाणी एवं संगीतमय शैली में श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। महाराज श्री कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं सत्संग के महत्व का सुंदर वर्णन करेंगे। उनकी सरल एवं भावपूर्ण प्रस्तुति श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति भाव से ओतप्रोत करेगी।
मुख्य यजमान अजय आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का शुभारंभ 25 मई को प्रातः 9 बजे भव्य पोथी एवं कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। यात्रा में महिलाएं लाल चुंदड़ी एवं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीतों के साथ शामिल होंगी, वहीं पुरुष भक्त भजन-कीर्तन एवं जयघोष करते हुए श्रद्धाभाव से सहभागिता निभाएंगे। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा।
उन्होंने बताया कि कथा के साथ-साथ श्रीमद्भागवत जी का संस्कृत में संपूर्ण मूल पाठ उज्जैन से पधारे विद्वान आचार्यों द्वारा किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन कथा प्रसंगों के अनुसार वृंदावन के कलाकारों द्वारा सुंदर एवं आकर्षक झांकियों का मंचन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पुरुषोत्तम मास में कथा श्रवण, भजन-कीर्तन एवं सत्संग का विशेष महत्व माना गया है। ऐसे पुण्यमयी अवसर पर श्रद्धालु सात दिनों तक कथा श्रवण कर धर्म एवं भक्ति का लाभ प्राप्त करेंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन सांय 4 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
