बड़ी संख्या में आमजन ने किया अवलोकन
प्रदर्शनी का समापन रविवार को
उदयपुर, 13 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सूचना केंद्र परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी को लेकर आमजन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गत 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार, जनहितकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रयासों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही राजस्थान सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।
प्रदर्शनी में लगाए गए फोटो पैनल, सूचना सामग्री एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से आगंतुकों को विभिन्न विकास परियोजनाओं और शासन की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मिल रही है। विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाते हुए विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की।
उल्लेखनीय है कि “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 14 जून, रविवार तक आमजन के लिए खुली रहेगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विकास यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया है।
