मोटरसाइकिल से गिरने से युवक की मौत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। जिले के बेकरिया क्षेत्र में निचला चौराहा से बालाजी होटल् मार्ग पर चलती मोटरसाइकिल से नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रेशमाराम पुत्र धूलाराम गमेती निवासी पादर उबरा गोगरुद बेकरिया ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पुत्र नारायण व उदाराम गमेती मोटरसाइकिल पर देवला निचला चौराहे से बालाजी होटल की तरफ जा रहे थे। उदाराम मोटरसाइकिल चला रहा था। पीछे बैठा नारायण अचानक नीचे गिर गया जिससे उसके पेट व शरीर में अंदरुनी गंभीर चोटे आई।  उसे देवला निजी चिकित्सालय ले गए जहां प्राथमिक उपचार कर भर्ती किया गया। सुबह नारायण की हालत गंभीर होने पर सिरोही ले जाने लगे। तभी बीच रास्ते में उसने दम तोड दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

बॉयफ्रेंड ने युवती की अंगुलियां काट स्वयं के गले पर भी किया वार
उदयपुर। शहर के खारोल कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार रात को आपसी बहस के बाद मोबाइल नंबर लॉक करने से परेशान हुए बॉयफ्रेंड ने युवती के घर पहुंचकर उस पर तलवार से वार किया। बीच बचाव करने आए उसकी मां व भाई पर भी हमला करने के बाद खुद के गले पर भी वार कर लहुलूहान कर लिया। हमले में घायल चारों जनों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल चारों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हमलावर युवक व युवती दोनों विवाहित है। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बाते होती रही है। किसी बात को लेकर युवती ने नाराज होकर उससे बात करना बंद कर दिया और बाद में युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया। इस पर गुस्साया युवक शुक्रवार रात करीब साढे नौ बजे युवती के घर पहुंच गया और पहले युवती व फिर उसकी मां पर हथियार से वार कर दिया। बीच बचाव करने आई युवती के भाई के सिर पर भी वार किया। बाद में हथियार से खुद का गला काट लिया। हमले के दौरान परिवार की चीख पुकार सुन पडौसी दौडे और आॅटो में बैठाकर चिकित्सालय भेजा। पता लगने पर परिजन व समाज के लोग चिकित्सालय में जमा हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती विवाहित है और कुछ समय से अपने पति से अलग अपनी मां व भाई के साथ रह रही है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

युवक को रास्ते रोक किया जानलेवा हमला
उदयपुर। शहर से सटे बेदला क्षेत्र में युवक को रास्ते रोककर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पीडित दिनेश डांगी पुत्र नवलराम डांगी निवासी भुवाणा ने आरोपी अभिमन्यु उर्फ बिल्लु खटीक, संजय तंवर, कन्हैयालाल उर्फ किन्नु खटीक, पंकज खटीक, गौरव, राहुल खटीक, दीपक खटीक व अजय खटीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा हमसलाह होकर उसको बेदला में रोककर मारपीट जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। उसे गंभीर चोटे आई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

रास्ता रोक आवागमन अवरुद्ध करने का मामला दर्ज
उदयपुर। शहर से सटी ग्राम पंचायत बेदला में आम रास्ता रोककर अवरुद्ध करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सुखेर थाने के उपनिरीक्षक अमर सिंह ने बंशीलाल प्रजापत, विनोद वावल खटीक, योगेश पुष्करना, हुकम सिंह, गोपाल डांगी, श्याम खटीक, भूपेश प्रजापत, जयशंकर भोई, शंकर सालवी, तुलसीराम जोशी व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा आम रोड को अवरुद्ध करने से लोगों को आने जाने में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
उदयपुर। शहर के रेती स्टेण्ड स्थित आवरी माता कॉलोनी में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार 39 वर्षीय गुंजन रेगर पुत्र लक्ष्मीलाल रेगर निवासी आवरी माता बस्ती रेती स्टेण्ड ने अपने मकान में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

मोटरसाइकिल हादसे में अधेड की मौत
उदयपुर। जिले के झाडोल क्षेत्र में मोटरसाइकिल हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अधेड की महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार अनिल गायरी पुत्र जीवतराम गायरी निवासी राजपुरा छातरी झाडोल ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके काका शंकरलाल गायरी पुत्र भेरा गायरी निवासी राजपुरा मोटरसाइकिल पर ढिंगरी से झाडोल जा रहे थे रासतें में शंकरलाल चलती मोटरसाइकिल से नीचे गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया जहां महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम् कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

युवक ने पेड पर फंदा लगा की आत्महत्या
उदयपुर। जिले के ऋषभदेव थानांतर्गत् एक युवक ने पेड से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार रामलाल पुत्र विरजी मीणा निवासी हंगात फला गरनाला ऋषभदेव ने दी रिपोर्ट में बताया कि 27 वर्षीय जितेंद्र उर्फ जीतु पुत्र रामलाल मीणा निवासी हंगाला ने घर के पास की बुजडा में आम के पेड पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!