नगरीय निकाय चुनाव 2026
उदयपुर जिले में द्वितीय चरण में 70.39 प्रतिशत मतदान
उदयपुर, 12 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिले में द्वितीय चरण के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के उदयपुर नगर निगम, कानोड़ नगर पालिका और मावली नगर पालिका के कुल 120 वार्डों के लिए हुए मतदान में कुल 4,33,736 मतदाताओं में से 3,05,326 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल मतदान प्रतिशत 70.39 प्रतिशत रहा।
मतदान प्रतिशत की दृष्टि से मावली नगर पालिका सबसे आगे रही। यहां 8,198 मतदाताओं में से 7,246 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 88.39 प्रतिशत रहा। कानोड़ नगर पालिका में 9,395 मतदाताओं में से 7,756 ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 82.55 प्रतिशत रहा। वहीं उदयपुर नगर निगम में 4,16,143 मतदाताओं में से 2,90,324 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 69.77 प्रतिशत दर्ज हुआ।
महिलाओं की भागीदारी भी रही उल्लेखनीय
जिले में कुल 2,17,937 पुरुष और 2,15,782 महिला मतदाता तथा 17 ट्रांसजेण्डर मतदाता थे। इनमें से 1,58,193 पुरुष, 1,47,125 महिला और 8 ट्रांसजेण्डर मतदाताओं ने मतदान किया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.59 प्रतिशत, महिलाओं का 68.18 प्रतिशत और ट्रांसजेण्डर मतदाताओं का 47.06 प्रतिशत रहा।
नगर निकायवार आंकड़ों में उदयपुर नगर निगम में पुरुष मतदान प्रतिशत 72.05, महिला 67.46 और ट्रांसजेण्डर 42.86 प्रतिशत रहा। कानोड़ में पुरुष 81.88, महिला 83.25 प्रतिशत तथा मावली में पुरुष 88.99, महिला 87.79 और ट्रांसजेण्डर 67 प्रतिशत मतदान रहा।
युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में दिखा खासा उत्साह
आयु वर्गवार मतदान में 26 से 35 वर्ष के मतदाता सबसे आगे रहे। इस आयु वर्ग के 73.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 71.82 प्रतिशत तथा 18 से 25 वर्ष के युवा मतदाताओं में 71.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग में मतदान प्रतिशत 68.15 रहा। जिले में आयु वर्गवार कुल आंकड़ों के अनुसार 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग में 55,429 मतदाताओं में से 39,396, 26 से 35 वर्ष में 98,251 में से 71,904, 36 से 59 वर्ष में 1,93,647 में से 1,31,975 तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 86,392 में से 62,043 मतदाताओं ने मतदान किया।
